फर्रुखाबाद: मानसिक बीमार बेटे ने पिता पर किया कुल्हाड़ी से वार, इलाज के दौरान मौत, भाई ने लिखाई FIR, गिरफ्तार
Farrukhabad News: मोहल्ला गढ़ी अब्दुल मजीद में मानसिक रूप से बीमार पुत्र ने खाना खाने के लिए कहने पर अपने पिता पर कुल्हाड़ी से वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल पिता की निजी अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने दूसरे पुत्र की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है।
विस्तार
फर्रुखाबाद जिले में शहर के मोहल्ला गढ़ी अब्दुल मजीद में खाना खाने की बात कहने पर मानसिक बीमार पुत्र ने पिता पर कुल्हाड़ी से वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल पिता ने निजी अस्पताल में दम तोड़ दिया। दूसरे पुत्र की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। हत्यारोपी पुत्र का मानसिक बीमारी का इलाज चल रहा है।
शहर के मोहल्ला गढ़ी अब्दुल मजीद निवासी मोहम्मद अहमद अंसारी (55) राजस्थान के बीकानेर में सिलाई का काम करते थे। मानसिक बीमार पुत्र मोहम्मद अली को दवा दिलाने के लिए वह रविवार को यहां आए थे। मंगलवार दोपहर बाद अहमद अंसारी ने पुत्र मोहम्मद अली से खाना खाने के लिए कहा। इस पर उसे गुस्सा आ गया। उसने पिता पर कुल्हाड़ी से सिर पर वार कर दिया।
बेटा बोला- मानसिक रूप से हैं अस्वस्थ
इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल को परिजन निजी अस्पताल ले गए। वहां इलाज के दौरान बुधवार सुबह के समय अहमद अंसारी की मौत हो गई। इससे परिवार में चीख पुकार मच गई। सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी धर्मेंद्र सिंह गहलौत, सीओ सिटी अभय वर्मा मौके पर पहुंचे। उन्होंने जांच की। पुत्र शाहनवाज ने बताया कि उसके बड़े भाई मोहम्मद अली मानसिक रूप से अस्वस्थ रहते हैं। फतेहगढ़ से इलाज चल रहा है।
आरोपी को हिरासत में लिया
पिता अहमद अंसारी, मां मस्तरी और बहन एक साथ रहते हैं। पिता मोहम्मद अली को दवा दिलाने के बाद मंगलवार शाम को वापस बीकानेर जाने वाले थे। मगर खाना खाने की बात कहने पर भाई ने सिर में कुल्हाड़ी से वार कर दिया। वह दूसरे मकान में रहते हैं। बहन की सूचना पर घर पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। सीओ अभय वर्मा ने बताया कि भाई शहनवाज की तहरीर पर पुत्र मोहम्मद अली पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है। आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है।