मोहम्मदाबाद। प्रधान की सूचना पर पहुंचे सिपाहियों व युवक में मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। एक सिपाही की मारपीट के दौरान वर्दी भी फट गई। पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लेकर शांतिभंग में चालान कर दिया था। सिपाही की तहरीर पर पुलिस ने सरकारी कार्य में बाधा का मुकदमा दर्ज कर लिया।
कोतवाली क्षेत्र के गांव सिठऊपुर निवासी प्रधान राजवीर ने 26 जून की शाम यूपी 112 पर गांव के राहुल जाटव के द्वारा गाली-गलौज करने की सूचना दी थी। सूचना पर सिपाही आदेश कुमार, इव्यांशु मौके पर पहुंचे। राहुल मौके पर गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी दे रहा था। सिपाहियों ने उसको पकड़ लिया। इस दौरान राहुल सिपाहियों से भिड़ गया। सिपाहियों व राहुल में मारपीट होने लगी। सिपाही इव्यांशु की वर्दी फट गई। गांव के लोग मौके पर एकत्र हो गए। सूचना पर थाने से पहुंची पुलिस ने राहुल को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने राहुल का शांतिभंग में चालान करके मामले को ठंडे बस्ते में डाल दिया था। शुक्रवार को सिपाहियों व राहुल के बीच मारपीट करने का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो गए। इसमें सिपाही भी राहुल से मारपीट करते नजर आ रहे हैं। फजीहत होते देखकर देर शाम सिपाही आदेश कुमार की तहरीर पर पुलिस ने राहुल के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा, गाली गलौज व मारपीट का मुकदमा दर्ज कर लिया। इंस्पेक्टर मनोज भाटी ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर विवेचना की जा रही है।