फर्रुखाबाद। पहाड़ी और मैदानी क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश के बीच गंगा का जलस्तर तेजी से बढ़ने लगा है। पिछले 24 घंटे में गंगा के जलस्तर में 20 सेंटीमीटर की वृद्धि दर्ज की गई है। बृहस्पतिवार को गंगा का जलस्तर 134.70 मीटर पर पहुंच गया। सिंचाई विभाग का अनुमान है कि बांधों से छोड़ा गया पानी अगले तीन दिनों में जिले तक पहुंच जाएगा। इससे गंगा और रामगंगा दोनों नदियों के जलस्तर में और तेजी से बढ़ोतरी हो सकती है।
उत्तराखंड और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई क्षेत्रों में झमाझम बारिश हो रही है। विभिन्न बांधों से पानी छोड़ा जा रहा है। बृहस्पतिवार को हरिद्वार से गंगा में 67,114 क्यूसेक, नरौरा बांध से 21,500 क्यूसेक तथा बिजनौर से 39,076 क्यूसेक पानी छोड़ा गया। रामगंगा नदी में खो-हरेली रामनगर बैराज से 16,440 क्यूसेक पानी छोड़ा गया।
सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता दुर्ण कुमार ने बताया कि लगातार वर्षा के कारण बांधों से पानी छोड़ा जा रहा है। जलस्तर में लगातार बढ़ोतरी को देखते हुए हालात पर नजर बनाए हुए हैं।