एप से भेजी गई खबर) फोटो- 16 संवाद न्यूज एजेंसी फर्रुखाबाद। राजस्थान से लाए गए श्रमिकों को स्कूल में बंद करके चौकीदार बाहर से गेट में ताला लगाकर चला गया। इससे गुस्साए लोगों ने जमकर हंगामा काटा। कुछ ही देर में पहुंचे लेखपाल ने समझाया, मगर नहीं माने। सूचना पर पहुंची पुलिस के समझाने पर शांत हुए। श्रमिकों को खाद्यान देकर उनके घर भेज दिया गया। मोहम्मदाबाद थाना क्षेत्र के पांच गांवों के 14 श्रमिकों को राजस्थान से लाकर नाला मछरट्टा स्थित एनएकेपी डिग्री कालेज में शनिवार को क्वारंटीन किया गया था। रविवार तड़के स्कूल का चौकीदार मोहनलाल गेट में बाहर से ताला लगाकर चला गया। काफी देर तक जब वह नहीं लौटा, तो भूख से परेशान लोगों के सब्र का बांध टूट गया। सभी ने एकत्रित होकर गेट पीटना शुरू कर दिया। चीख-पुकार सुनकर रोड से निकलते लोग इकट्ठे हो गए। श्रमिक नाश्ता आदि न मिलने की बात कह रहे थे। इसी दौरान ड्यूटी लेखपाल रोशन लाल पहुंच गए। उन्होंने लोगों को शांत किया, मगर एक न सुनी। लेखपाल ने इसकी सूचना तहसीलदार, एसडीएम को दी। कुछ ही देर में पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। इसके बाद गेट खोला गया। समझाने पर वह मान गए। लेखपाल ने बताया कि वह सुबह चाय, बिस्कुट देकर गए थे। मगर यह लोग चौकीदार पर ताला खोलने की जिद कर रहे थे। कहीं भाग न जाएं, इसके चलते चौकीदार ने मौका पाकर बाहर से ताला लगा दिया था। पूर्वाह्न सवा 11 बजे सभी श्रमिकों को खाद्यान, भोजन पैकेट देकर रोडवेज बस से उनके गांवों को रवाना कर दिया गया।