समर में उतरने को तैयार महिला दावेदार
इटावा। निकाय चुनाव की रणभेरी बजने वाली है। नगर पालिका परिषदों व नगर पंचायतों का चेयरमैन पद के लिए आरक्षण भी तय कर दिया गया है। नगर पालिका परिषद इटावा से इस बार आधी आबादी को चुनाव लड़ने का मौका दिया गया है। महिला के लिए आरक्षित की गई इस सीट से जहां पूर्व चेयरमैनों ने अपने परिवार की महिलाओं क ो चुनाव मैदान में उतारने के प्रयास शुरू कर दिए हैं तो कई अन्य महिलाएं भी इस चुनावी समर में उतरने को तैयार दिख रही है। चुनाव के लिए दावेदारों की बढ़ती संख्या राजनैतिक दलों की परेशानी बढ़ा सकती है। अभी तक प्रकाश में आए दावेदारों में भाजपा से सर्वाधिक दावेदार नजर आ रही हैं। सपा से भी कई नेता अपनी पत्नियों को टिकट दिलाने की फिराक में हैं। वहीं कुछ महिला नेता निर्दलीय रूप से चुनाव मैदान में उतरने की तैयारी कर रही हैं।
केंद्र व प्रदेश में भाजपा की सरकार है। लिहाजा इस समय इसी दल से सर्वाधिक दावेदार नजर आ रहे हैं। चूंकि इस बार इस सीट से हर वर्ग की महिला को चुनाव मैदान में उतरने का अवसर मिल रहा है। लिहाजा कई वर्षों से चुनाव मैदान में उतरने का सपना संजो रहे नेताओं को इस बार मौका मिला है। भले ही खुद नहीं लड़ पा रहे हैं लेकिन पत्नी के जरिए मैदान में उतरने को बेताब हैं। भाजपा के जिला महामंत्री अरुण कुमार गुप्ता अन्नू काफी समय से चेयरमैन का चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे हैं। उन्हें पार्टी के जिलाध्यक्ष सहित कई प्रदेशीय नेताओं का भी वरदहस्त प्राप्त है। महिला सीट होने पर उन्होंने अपनी पत्नी विनीता यादव को चुनाव मैदान में उतारने के लिए पार्टी से टिकट हासिल करने के लिए जुगत लगाना शुरू कर दिया है।
इसके अलावा व्यापारियों के लिए संघर्ष करके अपनी पहचान बनाने वाले व्यापार मंडल के पूर्व जिलाध्यक्ष अनंत प्रताप अग्रवाल ने भी भाजपा से अपनी पत्नी मधू अग्रवाल को लड़ाने की दावेदारी ठोकी है। भाजपा महिला मोर्चा की पदाधिकारी रहीं संध्या जैन व शोभा दुबे ने भी भाजपा से दावेदारी ठोकी है। संध्या जैन भाजपा नेता सुशील जैन कल्लू की पत्नी हैं तथा वह महिला मोर्चा में जिला मंत्री रह चुकी हैं। वहीं, शोभा दुबे महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष रह चुकी हैं। इसके साथ ही भाजपा के पूर्व नगर अध्यक्ष रह चुके प्रमोद शर्मा ने अपनी पत्नी सुधा शर्मा के लिए टिकट पर दावेदारी ठोकी है।
उधर, सपा के निवर्तमान चेयरमैन कुलदीप गुप्ता संटू ने अपनी पत्नी ज्योति गुप्ता तथा पूर्व चेयरमैन फुरकान अहमद ने अपनी पत्नी नौशाबा फुरकान को टिकट की दौड़ में शामिल कर दिया है। साथ ही केकेडीसी के छात्रसंघ के पूर्व अध्यक्ष आलोक यादव ने अपनी पत्नी अल्पना यादव के लिए सपा से टिकट की दावेदारी ठोक दी है। जबकि सपा से सक्रिय राजनीति करने वाले धीरेंद्र यादव ने अब दलगत राजनीति से हटते हुए इस चुनाव में अपनी पत्नी साधना यादव को निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में उतारकर समाज सेवा करने की घोषणा की है। बहरहाल चुनाव अधिसूचना जारी होने का समय जैसे-जैसे नजदीक आता जाएगा वैसे-वैसे दावेदारों की संख्या और बढ़ने की संभावना है।