बिजली उपकेंद्र बनकर तैयार, चालू होने का इंतजार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
निवाड़ीकला । क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बेहतर करने के लिए 33/11 केवी का बिजली उपकेंद्र बनकर तैयार हो गया। इसके बाद भी अभी तक यहां से बिजली आपूर्ति करने की व्यवस्था नहीं की गई। इसकी वजह से आसपास के दर्जनों गांवों में बिजली नहीं मिल पा रही है। उपकेंद्र में सारे उपकरण भी लग गए हैं। अब सिर्फ उसे चालू होने का इंतजार है। बसपा शासनकाल में तत्कालीन ऊर्जा मंत्री रामवीर उपाध्याय ने वर्ष 2011 में निवाड़ीकला और ढकाताल बिजली घर की नींव रखी थी। बसपा सरकार के बाद सपा सरकार में इसकी उपेक्षा हुई। वर्ष 2017 में भाजपा सरकार बनी तो लोगों को उम्मीद जागी कि अब बिजलीघर के दिन बहुरेंगे। अमर उजाला ने 18 अप्रैल को दो बार सत्ता बदली पर नहीं मिली बिजली, शीर्षक से खबर भी लगाई। भरथना विधायक सावित्री कठेरिया से बिजलीघर निर्माण की बात की। इस पर विधायक ने आश्वासन भी दिया था निर्माण कार्य जल्द ही शुरू करा दिया जाएगा। अब निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। इनकमिंग और आउटगोइंग मशीनें, पावर ट्रांसफर भी आ गए हैं । दो महीने पहले भरथना 132 केवी बिजलीघर से निवाड़ीकला बिजली घर की सप्लाई भी शुरू हो चुकी है।
अभी महेवा से मिल रही है सप्लाई
निवाड़ीकला एवं आसपास के 20 गांवों को अभी उपकेंद्र महेवा से बिजली मिल रही है। महेवा से निवाड़ीकला की दूरी लगभग 10 किलोमीटर है। इसके अलावा इंद्रावखी, इंद्रापुर, कुशगवां, पेउली, नगला तुला, दांदरपुरा, खजुरिया, नौगवां सहित करीब 20 गांव महेवा से और भी अधिक दूरी पर पड़ते हैं। इतनी अधिक दूरी से आने वाली लाइन में आए दिन ब्रेक डाउन होता रहता है। इससे शेडयूल के अनुसार आपूर्ति नहीं हो पाती है। इसके अलावा लो वोल्टेज की समस्या रहती है। निवाड़ीकला उपकेंद्र के चालू होने से उपभोक्ताओं को इस समस्या से निजात मिल जाएगी।
हैंडओवर को लेकर फंसा है पेच
निवाड़ीकला उपकेंद्र का निर्माण दो महीने पहले ही पूरा हो चुका है। इनकर्मिंग, आउटगोइंग मशीनें, पांच केवीए का ट्रांसफार्मर भी लगाया जा चुका है। भरथना 132 केवी उपकेंद्र से निवाड़ीकला 33/11 केवी उपकेंद्र को सप्लाई भी दी जा चुकी है। इसके बाद भी सप्लाई उपकेंद्र से बाहर नहीं निकल पा रही है। इसकी मुख्य वजह उपकेंद्र का हैंडओवर न होना है। ठेकेदार को उपकेंद्र विद्युत विभाग को हैंडओवर करना है। यह मामला अभी तक फंसा है। उपकेंद्र हैंडओवर होने के बाद ही विद्युत विभाग लाइन जोड़ेगा। प्रशासनिक हीलाहवाली से ग्रामीण क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बहाल नहीं की है। इससे आसपास के लोगों को अघोषित बिजली कटौती से जूझना पड़ता है ।
एक सप्ताह में शुरू हो जाएगा केंद्र
भरथना से लाइन की आपूर्ति शुरू की जा चुकी है । एक हफ्ते के अंदर बिजली घर सुचारु रूप से चालू करवा दिया जाएगा। ग्रामीण क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी । भूप सिंह, एसडीओ, बिजली विभाग