इटावा में नई मंडी की 43 दुकानों से हटवाए कब्जे
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
इटावा। फर्रुखाबाद रोड स्थित नई मंडी में 43 दुकानों पर कब्जा जमाए दुकानदारों को खदेड़ दिया गया। शनिवार को फोर्स के साथ पहुंचे सिटी मजिस्ट्रेट ने दुकानें खाली कराने के बाद मंडी समिति प्रशासन को कब्जा दिलाया। इसके विरोध में दुकानदारों ने मंडी समिति कार्यालय पर हंगामा किया, लेकिन प्रशासन के सख्त होने से उन्हें बैरंग लौटना पड़ा। नई मंडी में 43 दुकानाें के आवंटन की प्रक्रिया वर्ष 2011 में शुरू की गई थी। आवेदन करने वालों ने पांच-पांच हजार रुपये बतौर जमानत राशि जमा किए। बाद में आरक्षण प्रक्रिया पूरी नहीं होने से आवंटन रोक दिया गया।
इस बीच कुछ लोगों ने दुकानों में ताला लगा दिया। दुकानों के बाहर टट्टर लगाकर आढ़तें शुरू कर दीं। मंडी समिति प्रशासन ने इसका विरोध किया, लेकिन दुकानदार नहीं माने। दुकानदारों का कहना था कि उन्होंने जमानत राशि जमा की है। शनिवार को पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे सिटी मजिस्ट्रेट ने बिना आवंटन दुकान पर कब्जा करने वालों को खदेड़ दिया। इस कार्रवाई से मंडी में अफरातफरी मची रही। सिटी मजिस्ट्रेट ने दुकानों में मंडी समिति का ताला डलवाया तो दुकानदार मंडी समिति कार्यालय के सामने नारेबाजी करने लगे। पुलिस ने वहां से भी उन्हें भगा दिया। सिटी मजिस्ट्रेट शमशाद हुसैन ने बताया कि इन 43 दुकानों के आवंटन की प्रक्रिया शुरू की गई है। अभी तक 36 फार्माें की बिक्री हो चुकी है। जो भी दुकान लेना चाहे, वह फार्म भरकर आवेदन कर सकता है। निर्धारित प्रक्रिया के तहत दुकानें आवंटित की जाएंगी। इस दौरान सचिव मंडी समिति आशीष कुमार के अलावा अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।