इटावा। निर्माणाधीन परियोजनाओं का रविवार को जिलाधिकारी ने निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित एजेंसियों को जल्द कार्य पूरे करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी श्रुति सिंह ने सबसे पहले उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय के अंतर्गत 490 करोड़ की लागत से निर्माणाधीन सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल और 85 करोड़ की लागत से टाइप थ्री के पांच सौ आवासों, 176 करोड़ की परियोजना 300 बेड गायनी अस्पताल, पैरामेडिकल कॉलेज में निर्माणाधीन 58 करोड़ की लागत से 78 आवासों का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यदायी संस्था राजकीय निर्माण निगम के प्रोजेक्ट मैनेजर एके सिंह से विस्तार से हर एक बिंदु की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि जल्द ही बजट का आवंटन करा दिया जाएगा। इसके बाद अधूरे कार्य को पूरा किया जाए। डीएम ने इसके बाद 23.69 लाख की लागत से बन रहे 300 बेड के नर्सिंग हॉस्टल का भी निरीक्षण किया। वहां पर प्रोजेक्ट मैनेजर पंकज वर्मा से जानकारी ली। इसके अलावा अर्बन डेवलपमेंट परियोजना, पर्यटन विभाग के गेस्ट हाउस एवं सिंचाई विभाग के गेस्ट हाउस का भी निरीक्षण किया। इस दौरान एसडीएम हेम सिंह, कुलसचिव सुरेश चंद शर्मा, राजकीय निर्माण निगम से प्रोजेक्ट मैनेजर एके सिंह, प्रोजेक्ट मैनेजर पंकज वर्मा, प्रोजेक्ट मैनेजर विद्युत गिरीश वर्मा, जय नारायण सिंह, राजीव भदौरिया आदि मौजूद रहे।