{"_id":"9aedbbd7d323b8c0d775837f4598bcc4","slug":"the-girl-s-uncle-killed-in-marriage-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"शादी में लड़की के फूफा की हत्या ","category":{"title":"Crime","title_hn":"क्राइम ","slug":"crime"}}
शादी में लड़की के फूफा की हत्या
ब्यूरो/अमर उजाला, इटावा
Updated Tue, 28 Apr 2015 11:24 PM IST
विज्ञापन
शादी समारोह में नशेबाजी के कारण परिवारीजनों में हुई मारपीट के दौरान बीचबचाव करने पहुंचे लड़की के फूफा की हत्या कर दी गई। नशेबाजी में बवाल कर रहे लोगों ने लड़की के फूफा के सिर पर लोहे की राड से हमला किया था।
विज्ञापन
वे खून से लथपथ होकर मौके पर ही गिर पड़े। अस्पताल ले जाते समय उनकी मौत हो गई। पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लेकर अपनी सुरक्षा में शादी सम्पन्न कराई। मामले में चार लोगों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है। गत सोमवार को नगला बंधा निवासी अमर सिंह की बेटी अनुराधा की जालौन के नरौल भटपुरा से बारात आई थी।
विज्ञापन
रात करीब करीब दस बजे गांव वालों का खाना पीना चल रहा था। इसी बीच किसी बात को लेकर अमर सिंह के रिश्तेदार आपस में ही भिड़ गए। उनमें जमकर मारपीट होने लगी जिसे रोकने के लिए कई लोग बीचबचाव करने लगे।
विज्ञापन
इसी दौरान अमर सिंह के बहनोई गोविंद सिंह (48) पुत्र बिंडोले (निवासी लाहर जिला भिंड मध्य प्रदेश) के सिर पर कुछ लोगों ने लोहे की राड मार दी। हमले से घायल गोविंद सिंह जमीन पर गिर पड़े। यह देख हमलावर भाग निकले।
गांव में मौजूद गोविंद के परिवारीजनों ने सूचना पुलिस कंट्रोल रूम को दी तथा घायल को इलाज के लिए अस्पताल लेकर दौड़े लेकिन रास्ते में गोविंद की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच-पड़ताल की। तभी जालौन से बारात भी गांव पहुंच गई। पुलिस की मौजूदगी में सादगी के साथ शादी कराई गई।
मृतक के बेटे चंद्रप्रकाश सिंह ने बताया कि शादी में कई लोग शराब के नशे में धुत थे। झगड़ा बढ़ा तो मारपीट होने लगी। बीच बचाव के दौरान पिता के सिर पर राड मार दी गई, जिससे उनकी मौत हो गई।
चंद्रप्रकाश की तहरीर पर चकरनगर पुलिस ने लड़की के चचेरे चाचा निर्भय सिंह पुत्र हरिविलास, छक्कीलाल व चचेरे भाई जितेंद्र व ज्योतिराव पुत्र छक्कीलाल के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस ने आरोपी निर्भय सिंह व जितेंद्र को हिरासत में ले लिया है।
सीओ चकरनगर रामकृपाल भारती ने भी गांव जाकर मामले की जानकारी ली। थानाध्यक्ष संजय सिंह यादव ने बताया कि मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है।
नशेबाजी में शादी की खुशियां मातम में बदलीं
शराब के नशे से हुए विवाद के बाद शादी के खुशियां मातम में बदल गई। कुछ समय पहले तक सुनाई दे रही गीतों की गूंज एक पल में ही महिलाओं की चीख में बदल गई। गमगीन माहौल में शादी की सिर्फ रस्म अदायगी भर हुई। सोमवार को अनुराधा की शादी में शामिल होने के लिए पूरा परिवार और रिश्तेदार गांव में मौजूद थे। चारों ओर चहल-पहल थी।
महिलाएं बीच-बीच में गीत आदि गाकर शादी की खुशियों को और बढ़ा रही थीं। शाम हुई तो दावत शुरू हो गई। ग्रामीणों के साथ ही आस-पड़ोस से आए लोग पकवानों का आनंद ले रहे थे। तभी रात करीब 10 बजे किसी बात को लेकर लड़की पक्ष के रिश्तेदार आपस में ही भिड़ गए।
विवाद बढ़ा तो मारपीट होने लगी और लड़की के फूफा गोविंद सिंह की मौत के बाद शादी की खुशियां मातम में बदल गई। पुलिस के बाद बारात भी पहुंच गई तो रिश्तेदार मन से बारातियों का स्वागत सत्कार भी नहीं कर पाए। गांव के माहौल को देखते हुए कई बाराती तो उल्टे पैर वापस लौट गए।