झोलाछाप से कराया खुजली का इलाज: इंजेक्शन लगते ही मरीज हुआ बेहोश, मौत के बाद परिजनों ने किया हंगामा, पथराव में एसडीएम जख्मी
सूचना मिलने पर सीओ सिटी कालू सिंह कोतवाली नगर और कोतवाली देहात के पुलिसबल के साथ वहां पहुंचे। उन्होंने परिजनों को समझाने की कोशिश की। कहा कि तहरीर दो, मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
विस्तार
एटा शहर के निधौली रोड स्थित एक झोलाछाप के क्लीनिक पर इलाज के दौरान युवक की मौत हो गई। इसके बाद परिजनों ने हंगामा काटा। शव को सड़क पर रखकर मार्ग जाम कर दिया। इतना ही नहीं रोड पर लगातार चल रहे हंगामे की बीच पथराव भी हुआ। इस दौरान पत्थर लगने से एसडीएम सदर शिवकुमार जख्मी हो गए।
कोतवाली देहात क्षेत्र के गांव बारथर निवासी बालिस्टर सिंह ने बताया के उसके भाई अरविंद (25) को सोमवार को शरीर पर खुजली की समस्या हुई। इस पर शाम के समय निधौली रोड स्थित एक क्लीनिक पर ले आए। यहां चिकित्सक ने एक इंजेक्शन लगा दिया। जिसके बाद अवनीश अचेत होकर गिर पड़ा। उसे मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। शव को लेकर वापस क्लीनिक पहुंचे तब तक झोलाछाप ताले लगाकर भाग चुका था।
इसके बाद आक्रोशित लोगों ने शव को निधौली रोड पर ही रख दिया। सड़क पर ही बाइक आदि खड़ी कर दीं और बल्ली लगाकर करीब सात बजे यातायात जाम कर दिया। हाथों में डंडे लेकर हंगामा करने लगे।
सूचना मिलने पर सीओ सिटी कालू सिंह कोतवाली नगर और कोतवाली देहात के पुलिसबल के साथ वहां पहुंचे। उन्होंने परिजनों को समझाने की कोशिश की। कहा कि तहरीर लिखकर दो, मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। लेकिन आक्रोशित लोग पहले आरोपी को गिरफ्तार करने की मांग पर अड़ गए।
मामले की जांच कराएंगे कि क्लीनिक पर कौन चिकित्सक इलाज कर रहा था। यदि अपंजीकृत और अवैध रूप से इलाज किया जा रहा था तो क्लीनिक को सील कराया जाएगा। - डॉ. उमेश कुमार त्रिपाठी, सीएमओ