फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Etah News ›   In the first phase fiercely organically, booth capturing

पहले चरण के मतदान में जमकर बवाल, बूथ कैप्चरिंग

Fri, 09 Oct 2015 05:46 PM IST
ब्यूरो अमर उजाला, एटा
ब्यूरो अमर उजाला, एटा Updated Fri, 09 Oct 2015 05:46 PM IST
विज्ञापन
 In the first phase fiercely organically, booth capturing
 स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव कराए जाने के जिला प्रशासन के दावों की पहले ही चरण के मतदान में हवा निकल गई। पंचायत चुनाव के लिए जैथरा और अलीगंज विकास खंड क्षेत्र में हुए मतदान में जमकर बवाल हुआ। बूथ कैप्चरिंग के साथ ताबड़तोड़ फायरिंग और मारपीट हुई। पोलिंग बूथों पर कब्जा कर लिया गया। इतना ही नहीं मतपत्रों को फाड़ने के साथ-साथ मतपेटिकाओं में पानी डाल दिया गया। उपद्रवियों ने डीएम व एसएसपी के सामने भी फायरिंग की। पीठासीन अधिकारियों और पुलिस कर्मियों के साथ भी मारपीट की। घटना में कई लोग गोली लगने से घायल हुए हैं। कई लोगों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। कई जगह मतदान भी कई घंटे तक बाधित रहा। सूचना पर मंडलायुक्त और डीआईजी अलीगढ़ भी पहुंच गए। वोट डालने के लिए बीडीसी के प्रत्याशियों व उनके समर्थकों के बीच झगड़ा हुआ।
विज्ञापन

शुक्रवार की सुबह 11 बजे राजा का रामपुर के गांव टिकैतपुरा के प्राइमरी पाठशाला पर बनाए गए बूथ पर मतदान चल रहा था। मतदाता लाइन में खड़े होकर वोट डालने के लिए अपनी बारी का इंतजार कर रहे थे, तभी बीडीसी पद के दो प्रत्याशियों के समर्थक यहां पहुंच गए। अपना-अपना वोट डालने के लिए दोनों पक्षों में विवाद के साथ  फायरिंग शुरू हो गई। मतपेटिकाओं को लूट लिया गया तथा मतपत्र फाड़ दिए गए। इससे यहां भगदड़ मच गई। पीठासीन अधिकारी और अन्य कर्मचारियों ने कमरे में बंद होकर जान बचाई। आधा घंटे बाद फोर्स के साथ जिलाधिकारी निधि केसरवानी और एसएसपी सुरेंद्र कुमार वर्मा पहुंचे तब जाकर मतदान शुरू हुआ।
विज्ञापन

अलीगंज के गांव गेबर असदुल्लापुर के प्राइमरी पाठशाला पर बनाए गए बूथ संख्या 14 और 15 पर उपद्रवियों ने कब्जा कर लिया। एक बीडीसी प्रत्याशी के समर्थक मतपेटिकाएं लेकर भागे तो दूसरे के समर्थकों ने मतपेटिकाओं में पानी डाल दिया और मतपत्र फाड़ दिए। इतना ही नहीं मारपीट भी हुई। इसमें पीठासीन अधिकारी नरेंद्रपाल पांडे घायल हो गए। 11 बजे बाद यहां मतदान नहीं हुआ। 11 बजे तक 30 प्रतिशत मतदान हो चुका था। बूथ 14 के पीठासीन अधिकारी इंद्रपाल सिंह ने भागकर जान बचाई।
विज्ञापन
विज्ञापन

थाना अलीगंज के गांव मितौलिया प्राइमरी पाठशाला में सपा और भाजपा समर्थित जिला पंचायत सदस्य के प्रत्याशियों और उनके समर्थकों के बीच बवाल हुआ। यहां मतपत्र फाड़ दिए गए। बूथ पर कब्जा कर लिया गया तथा फायरिंग हुई। मौके पर पहुुंची पुलिस ने भाजपा प्रत्याशी कुलदीप को अपनी हिरासत में ले लिया, जबकि सपा प्रत्याशी देवेंद्र सिंह राठौर वहां से भाग निकला। यहां डेढ़ घंटे मतदान बाधित रहा।
अलीगंज के गांव कैल्ठा स्थित प्राइमरी पाठशाला बूथ पर निरीक्षण करने पहुंचे डीएम और एसएसपी के सामने ही फायरिंग हो गई। पुलिस ने एक आरोपी को पकड़ लिया। गांव जनासी के बूथ नंबर 294 व 95 पर बीडीसी प्रत्याशियों के समर्थकों में जमकर फायरिंग हुई। लगभग 100-150 राउंड फायरिंग हुई। पीठासीन अधिकारी और वोटरों ने कमरे की कुंडी लगाकर जान बचाई। गोली लगने से गांव के ही सुधीर सहित तीन लोग घायल हो गए। डीएम व एसएसपी मौके पर पहुंच गए। दो घंटे तक मतदान बाधित रहा। उसके बाद वोट पड़े। मतदाता भी दहशत में दिखाई दिए। इस दौरान डीएम एसएसपी ने एक घर की तलाशी कराई, जहां तीन राइफल, दो बंदूक, चार तमंचे व चार पेटी कारतूस के अलावा चार पेटी अंग्रेजी शराब की बरामद हुईं। पुलिस ने सात लोगों को हिरासत में ले लिया है।
राजा का रामपुर थाने के गांव रामनगर प्राइमरी में बनाए गए बूथ पर एक बीडीसी प्रत्याशी के समर्थकों ने कब्जा कर लिया और मतपेटिकाएं लूटकर ले गए। जबकि दूसरे पक्ष ने इन्हें फाड़ दिया। मतपेटिकाएं पुलिस को खेतों में पड़ी मिलीं। यहां फायरिंग भी हुई। गोली चलने से पीआरडी जवान विजेंद्र सिंह, सिपाही प्रेमकुमार व होमगार्ड संजय कुमार घायल हो गए। तीनों को एटा भेज दिया। सपा विधायक रामेश्वर सिंह यादव के भतीजे की गाड़ी को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। पीठासीन अधिकारी का सिर फूट गया। 50 प्रतिशत से ज्यादा मतदान हो चुका था। ससोता दोषपुर बूथ पर भी फायरिंग हुई। मतदान रुक गया। अमोकपुर ब्रह्मनान प्राइमरी पाठशाला पर बनाए गए बूथ पर भी मतपेटिकाओं को लूट लिया गया तथा मतपेटिकाओं में पानी डाल दिया गया। जजालपुर बूथ संख्या 114 प्राइमरी पाठशाला पर सेक्टर मजिस्ट्रेट भारत भूषण ने सुबह 11 बजकर 35 मिनट पर फर्जी मतदान की सूचना पर मतदान बंद करा दिया। पीठासीन अधिकारी आलोक कुमार ने बताया कि मतदान सही हो रहा था। 623 वोट में से 274 वोट पड़ चुके थे। उच्चाधिकारियों के आदेश के बाद भी सायं तक यहां मतदान नहीं हुआ। मौके पर मंडलायुक्त चंद्रकांत व डीआईजी अलीगंज गोविंद अग्रवाल पहुंच गए। दोनों अधिकारियों ने बूथों का जायजा लिया।

इसी प्रकार जैथरा विकास खंड के गांव शहवाजपुर व टिकाथर में भी फायरिंग हुई। मतपेटियों में पानी डाल दिया तथा मतपत्र फाड़ दिए। पीठासीन अधिकारियों ने अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। नगला भारा, पटसुआ, निजामाबाद, भमोरा, बिजलई, नगला वली, कलवरिया में भी झगड़ा हुआ। वहीं अन्य जगह झगड़े की सूचना पर पुलिस की गाड़ियों दौड़ती नजर आईं। इस दौरान पुलिस ने एमएलसी चंद्रप्रताप उर्फ चंदू व पूर्व ब्लॉक प्रमुख रामकिशोर को अपनी गाड़ी के साथ भ्रमण करने पर रोक दिया।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed