एटा। साइकिल चोरी करने के आरोपी युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, इस आरोपी को खंभे से बांधकर पीटने का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। इसके आधार पर अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस को ये लोग नहीं मिले हैं। गांव भगीपुर निवासी सुनील कुमार ने कोतवाली नगर में इंस्पेक्टर निवासी बमनई थाना पिलुआ के खिलाफ दुकान से साइकिल चोरी करने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में लिखा कि शिकोहाबाद मार्ग पर एक महाविद्यालय के सामने उनकी किताबों की दुकान है। 24 जून को इंस्पेक्टर वहां आया और दुकान के बाहर खड़ी रेंजर साइकिल चोरी कर ले गया। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान की गई। 26 जून को कोतवाली नगर में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुुलिस के अनुसार आरोपी को शनिवार सुबह गोशाला के पास से गिरफ्तार किया गया है। इसके पास से साइकिल बेचकर प्राप्त किए गए 610 रुपये भी बरामद किए हैं।
इसी बीच शुक्रवार को एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें कुछ लोग आरोपी युवक को खंभे से बांधकर पीटते दिखाई दे रहे हैं। वायरल वीडियो शुक्रवार दोपहर के समय शिकोहाबाद मार्ग स्थित सेंट्रल बैंक सामने का बताया जा रहा है। इस मामले में पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। सीओ सिटी अमित कुमार राय ने बताया कि चोरी के आरोपी को गिरफ्तार किया गया है और इसको खंभे से बांधकर पीटने वाले अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। उनकी तलाश की जा रही है।