एटा। दोस्तों ने एक युवक को घर से ले जाकर आम के बाग में बंधक बनाकर लाठी-डंडों से बुरी तरह पीटा। परिजन ढूंढ़ते हुए जब बाग में पहुंचे तो जान से मारने की धमकी देते हुए आरोपी वहां से भाग गए। जैथरा थाने में गांव पुरांव थाना मलावन निवासी रमेश चंद्र ने गांव चिंतामणि निवासी दीपक और करू के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
रमेश चंद्र ने रिपोर्ट में लिखा है कि 10 जून को वह रिश्तेदारी में गांव चिंतामणि थाना जैथरा गए थे। वहां 13 जून को शाम के लगभग 6 बजे दीपक और करू बेटे आशीष को अपने साथ ले जाने लगे। पत्नी ने पूछा कि कहां ले जा रहे तो बोले कि घूमने जा रहे हैं। रात के लगभग 9 बजे तक जब आशीष घर नहीं पहुंचा तो पत्नी ढूंढ़ते हुए दीपक के घर पहुंची। दीपक से पूछा तो बोला आ जाएगा, कहीं मर नहीं रहा है। काफी देर तक जब वह नहीं आया तो अन्य लोगों को साथ लेकर पत्नी आशीष के बारे में पूछने करू के घर पहुंची तो वह घर पर नहीं था। जिसके बाद रात लगभग 2 बजे गांव के बाहर आम के बाग में पहुंची और टॉर्च जलाकर देखा तो दीपक और करू आशीष को पेड़ से बांधकर पीट रहे थे। हम लोगों को देखते ही आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। बेटे ने बताया कि इन लोगों ने पेड़ से बांधा और लाठी-डंडों से बुरी तरह से पीटा। थाना प्रभारी ने बताया कि आपसी लड़ाई-झगड़े का मामला है। वहीं, सीओ अलीगंज नितीश गर्ग ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और मामले की गंभीरता के साथ जांच-पड़ताल की जा रही है।