एटा। कोहरे के बाद अब पाला पड़ना शुरू हो गया है। इसकी वजह से किसानों को नुकसान झेलना पड़ रहा है। पाला पड़ने से मटर, टमाटर, आलू आदि सब्जियों की फसल प्रभावित हो रही है। कई दिनों से ठंड का प्रकोप जारी है। पाला पड़ने से सब्जियां खराब होने लगी हैं। किसानों का कहना है कि ठंड जैसे-जैसे बढ़ रही है, सब्जियों की फसल को भी नुकसान हो रहा है।
इस ठंड में सब्जियों की फसल बचाना काफी मुश्किल हो गया है। सोमवार को सुबह के समय सब्जियों की फसल पर पाला जमा हुआ नजर आया। इससे आलू, मटर, टमाटर सहित अन्य फसलें प्रभावित हो रहीं हैं। ऐसे में फसल खराब होने के कारण किसानों के चेहरे पर चिंता दिखाई दे रही है। इस मौसम में सब्जियां खराब होने के बाद मंडियों में सब्जी के दाम बढ़ सकते हैं।