एटा। क्रिसमस-डे का त्योहार आज धूमधाम के साथ मनाया जाएगा। चारों ओर जिंगल बेल, जिंगल बेल की गूंज, प्रभु के जन्म का उल्लास और बधाइयों का दौर। कुछ ऐसा ही नजारा बुधवार को शहर के कई चर्च में दिखेगा। मौका होगा प्रभु ईशा मसीह के जन्मदिन का। प्रभु यीशु के जन्म को लेकर नगर में तीन चर्च को रंगीन रोशनी से सजाया गया है। वहीं ईसाई समुदाय में पर्व को लेकर उत्साह का आलम है। प्रभु यीशु का जन्मदिन धूमधाम से मनाने के लिए मंगलवार को दिनभर तैयारियों का सिलसिला जारी रहा।
गांधी मार्केट स्थित सीएनआई, आगरा रोड स्थित कैथोलिक चर्च में मंगलवार को दिनभर ईसाई समुदाय के लोग सजावट और तैयारियों में लगे दिखाई दिए। बुधवार को क्रिसमस पर ईसाई समुदाय के लोग प्रार्थना सभा करेंगे और कैंडल जलाकर चर्च को रोशन करेंगे। मैकगॉ चर्च के पादरी फादर राफी बल्लीचिरा ने बताया कि क्रिसमस ईसाई समुदाय का सबसे बड़ा पर्व है। इसे मनाने के लिए समुदाय के युवा और बच्चे तैयारियों में जुटे हैं। बच्चे और युवा चर्च के अंदर प्रेयर हाल की साज सज्जा कर रहे हैं। चर्च के बाहरी हिस्से को रंगीन विद्युतीय झालर से सजाया जा रहा है। शहर के दूसरे चर्च में भी प्रार्थना सभा का आयोजन होगा। चर्च में क्रिसमम ट्री लगाने के अलावा सांता क्लॉज बच्चों को गिफ्ट वितरित करेंगे।