{"_id":"be0c9664-8bc0-11e2-83f8-d4ae52bc57c2","slug":"dispute-over-photo-of-mulayam-singh-yadav-on-laptop-of-up-government","type":"story","status":"publish","title_hn":"उठे सवाल, लैपटॉप पर मुलायम की फोटो क्यों?","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
उठे सवाल, लैपटॉप पर मुलायम की फोटो क्यों?
नई दिल्ली/इंटरनेट डेस्क
Updated Fri, 15 Mar 2013 01:34 PM IST
विज्ञापन
उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा बांटे जा रहे लैपटॉप में समाजवादी पार्टी के मुखिया मुलायम सिंह यादव की फोटो क्यों है, इस मुद्दे पर सवाल उठने लगे हैं। विपक्षी दलों ने आरोप लगाया है कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव सरकारी खजाने का इस्तेमाल समाजवादी पार्टी के प्रचार में कर रहे हैं।
विज्ञापन
गौरतलब है कि मुलायम सिंह यादव उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री रह चुके हैं लेकिन फिलहाल वह राज्य में किसी भी संवैधानिक पद पर नहीं हैं। फिर भी प्रदेश सरकार द्वारा बांटे जा रहे लैपटॉप में मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के साथ उनकी फोटो दी जा रही है।
विज्ञापन
भाजपा उपाध्यक्ष कलराज मिश्रा ने कहा, 'समाजवादी पार्टी ने सारी मर्यादाओं को ताक पर रख दिया है। पार्टी सरकारी खजाने का उपयोग चुनाव की तैयारियों में कर रही है।'
विज्ञापन
उन्होंने कहा कि मुलायम सिंह यादव उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री रह चुके हैं और समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष हैं लेकिन फिलहाल वो प्रदेश सरकार में नहीं है। ऐसे में लैपटॉप पर उनकी फोटो होना सीधे तौर पर दिखा रहा है कि सपा सरकारी खजाने का दुरुपयोग कर रही है।
10 हजार स्टूडेंट्स को बंटे लैपटॉप
बारहवीं पास छात्र-छात्राओं को मुफ्त लैपटॉप बांटना समाजवादी पार्टी के चुनावी घोषणापत्र की महत्वाकांक्षी योजना रही है। सोमवार को लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में 10 हजार छात्र-छात्राओं को लैपटॉप बांटे गए थे।
प्रदेश सरकार ने इस योजना के तहत 290 दिनों में 15 लाख लैपटॉप बांटने का लक्ष्य रखा है, जिसके लिए अमेरिकी कंपनी एचपी को 2800 करोड़ रुपए का ठेका दिया गया है। लैपटॉप की कीमत 19,058 रुपए है।
लैपटॉप की सबसे बड़ी खरीद
सोमवार को प्रदेश के मुख्य सचिव जावेद उस्मानी ने दावा किया था कि एक साथ 15 लाख लैपटॉप की खरीद दुनिया के इतिहास में लैपटॉप खरीद का सबसे बड़ा आदेश है।
उन्होंने बताया था कि इन लैपटॉप को चलाने के लिए विद्यार्थियों को इंटेल और एचपी द्वारा प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। विद्यार्थियों को लैपटॉप की उपयोगिता सिखाने के लिए एचपी प्रत्येक कॉलेज से पांच-पांच शिक्षकों को प्रशिक्षित भी करेगी।
साथ ही लैपटॉप में एक साल तक किसी भी तरह की तकनीकी समस्या को ठीक कराने के लिए कंपनी की ओर से तहसील स्तर पर सर्विस सेंटर भी खोले जाएंगे।