देवरिया: रेलवे ट्रैक पर मिला युवक का शव, ट्रेन से कटकर मौत की आशंका; शिनाख्त में जुटी पुलिस
मृतक का रंग सांवला है और बाल बड़े हैं। उसने दाढ़ी रखी हुई थी। युवक ने टीशर्ट और पैंट पहन रखी थी। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में जानकारी जुटाकर उसकी पहचान कराने का प्रयास कर रही है।
विस्तार
गौरी बाजार क्षेत्र के गौरी बुजुर्ग गांव में मंगलवार सुबह रेलवे ट्रैक पर एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। युवक की उम्र करीब 26 वर्ष बताई जा रही है। फिलहाल उसकी पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ट्रेन से कटकर मौत होने की आशंका जता रही है।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह निर्माणाधीन रेलवे अंडरपास के पास रेलवे ट्रैक पर ग्रामीणों ने युवक का शव देखा। इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव बरामद कर विधिक कार्रवाई शुरू की। शव का धड़ रेलवे ट्रैक के बीच में, जबकि सिर ट्रैक के किनारे पड़ा था।
हुलिए के आधार पर पहचान का प्रयास
थानाध्यक्ष मृत्युंजय राय ने बताया कि मृतक की उम्र करीब 26 वर्ष है। उसका रंग सांवला है और बाल बड़े हैं। उसने दाढ़ी रखी हुई थी। युवक ने टीशर्ट और पैंट पहन रखी थी। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में जानकारी जुटाकर उसकी पहचान कराने का प्रयास कर रही है।
पहचान के बाद स्पष्ट होगी मौत की वजह
क्षेत्राधिकारी राजेश चतुर्वेदी ने बताया कि युवक की पहचान होने के बाद ही घटना की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस सभी जरूरी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।