देवरिया। जिले के माध्यमिक विद्यालयों में 11 जनवरी से 24 मार्च तक तक क्षय रोग के प्रति छात्रों को जागरुक करने के लिए अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन होगा। इसके लिए हर दिन की अलग- अलग कार्य योजना भी तैयार की गई है। शासन की ओर से प्रदेश के चिन्हित 15 जिलों में देवरिया भी उन जनपदों में शामिल है जहां टीबी के मरीज हैं। अन्य जिलों में अमेठी, अयोध्या, बाराबंकी, बस्ती, इटावा, फर्रुखाबाद, हाथरस, पीलीभती, प्रतापगढ़, रायबरेली, रामपुर, सिद्धार्थनगर, सीतापुर एवं सुल्तानपुर शामिल है। ऐसे में शासन की ओर से राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम अंतर्गत सौ दिवसीय सघन टीबी अभियान चलाने का निर्णय लिया गया है। इसी के अंतर्गत रोग के प्रति जागरूकता लाने के लिए माध्यमिक विद्यालयों में 11 जनवरी से 2 फरवरी तक विभिन्न प्रतियोगिताएं एवं जागरूकता अभियान का आयोजन किया जाएगा। शिक्षक अपने विद्यालयों में व स्वास्थ्य विशेषज्ञ स्कूलों में जाकर विद्यार्थियों को रोग से बचाव के प्रति जागरूक करेंगे। जिला विद्यालय निरीक्षक शिव नारायण सिंह ने शनिवार को बताया कि शासन के दिशा निर्देश के तहत जिले के हर माध्यमिक विद्यालय में यह अभियान चलेगा।