देवरिया: भाई के खाते में घूस की रकम मंगा रहा था दारोगा, लाइन हाजिर; प्राथमिकी भी दर्ज
अश्विनी सिंह के अनुसार, दरोगा ने विवेचना से उनका नाम निकालने के लिए डेढ़ लाख रुपये की मांग की थी। आरोप है कि उन्होंने 26 नवंबर 2026 को दरोगा के भाई आदित्य सिंह के बैंक खाते में मोबाइल से 20 हजार रुपये ट्रांसफर किए। इसके बाद 1.30 लाख रुपये नकद भी दिए।
विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें
एकौना थाने में तैनात दरोगा पर विवेचना से नाम निकालने के बदले डेढ़ लाख रुपये घूस मांगने का आरोप लगा है। शिकायत के अनुसार, दरोगा ने 20 हजार रुपये अपने भाई के बैंक खाते में मंगाए थे। भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम कोर्ट के निर्देश पर आरोपी दरोगा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। उन्हें चार दिन पहले लाइन हाजिर कर दिया गया।
मामला हड़हा गांव में दो पक्षों के बीच हुई मारपीट से जुड़ा है। गांव निवासी अश्विनी सिंह ने कोर्ट में वाद दाखिल कर आरोप लगाया कि 19 नवंबर 2025 को गांव के जयप्रकाश सिंह के परिवार से मारपीट हुई थी। इस मामले में दोनों पक्षों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज हुई थी। इसमें अश्विनी सिंह का नाम भी शामिल था। मामले की विवेचना दरोगा अमित कुमार सिंह कर रहे थे।
विवेचना से नाम निकालने के लिए डेढ़ लाख रुपये मांगे
अश्विनी सिंह के अनुसार, दरोगा ने विवेचना से उनका नाम निकालने के लिए डेढ़ लाख रुपये की मांग की थी। आरोप है कि उन्होंने 26 नवंबर 2026 को दरोगा के भाई आदित्य सिंह के बैंक खाते में मोबाइल से 20 हजार रुपये ट्रांसफर किए। इसके बाद 1.30 लाख रुपये नकद भी दिए। उनका दावा है कि दरोगा उनसे व्हाट्सएप कॉल के जरिये ही बातचीत करते थे।
आईजीआरएस पोर्टल पर शिकायत के बाद भी नहीं हुई कार्रवाई
शिकायतकर्ता ने इस संबंध में आईजीआरएस पोर्टल पर शिकायत की, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। आरोप है कि बाद में दरोगा ने भाई के खाते में मंगाए गए 20 हजार रुपये वापस करा दिए। शेष रकम मांगने पर उन्हें मारने की धमकी दी गई। इसके बाद उन्होंने कोर्ट का दरवाजा खटखटाया।
कोर्ट के निर्देश पर प्राथमिकी दर्ज
सीओ की जांच में दरोगा के भाई के खाते में रकम मंगाए जाने का मामला सामने आया। कोर्ट के निर्देश पर दरोगा अमित कुमार सिंह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई। साथ ही उन्हें लाइन हाजिर कर दिया गया।