बरहज, देवरिया। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में रविवार को दिन भर बादल छाए रहे। हल्की हवा भी चल रही थी। वहीं रुक-रुक बूंदाबादी भी हुई। इससे मौसम सुहाना रहा। लोगों को गर्मी से राहत मिली। लोगों ने मौसम का आनंद लिया। कुछ क्षेत्रों में सड़कों पर कीचड़ हो गया, जिससे राहगीरों को परेशानी हुई।
बरहज नगर व ग्रामीण इलाके में पूरे दिन आसमान में बादल छाए रहे। रुक-रुक कर बूंदाबांदी भी होती रही। बादल छाने के कारण शाम जैसा माहौल रहा। दिन में लोग गाड़ियाें की हेडलाइट जलाकर चल रहे थे। हालांकि दो दिनों से हो रही बारिश से मौसम खुशगवार हो गया था। मौसम विभाग के जारी अलर्ट के बाद रिमझिम बारिश हो रही है। नगर सहित भलुअनी, मगहरा, गड़ेर, वीरपुर मिश्र, सोनाड़ी, करुअना, पैना, कपरवार, बरांव, देवपार सहित अन्य जगहों पर रुक-रुक कर बारिश होती रही, जिससे खेतों और सड़कों पर बारिश का पानी लग गया है। खराब मौसम के कारण चौराहों पर समय से पहले सन्नाटा पसर जा रहा है। व्यवसाय चौपट हो गया है। शाम होते ही इक्का-दुक्का बाजार करने आए लोग जल्द ही घरों की ओर रुख करते देखे गए। बारिश से किसान प्रसन्न हैं। धान के फसल को फायदा हुआ है। उधर रुद्रपुर, सलेमपुर, भाटपाररानी, भटनी, पथरदेवा, गौरीबाजार क्षेत्र में भी रुक-रुक कर बारिश हुई।