देवरिया: जाम में फंसी बीमार बुजुर्ग की गाड़ी, बेटा लगाता रहा गुहार; अस्पताल पहुंचने से पहले मौत
सड़क जाम के कारण बीमार अस्पताल पहुंचने से पहले ही मौत हो गई। बुजुर्ग का बेटा जाम में फंसी गाड़ी को निकलवाने के लिए लगातार लोगों से गुहार लगाता रहा, लेकिन रास्ता नहीं मिल सका। समय पर इलाज न मिलने से परिवार में मातम छा गया। घटना ने क्षेत्र की बदहाल यातायात व्यवस्था और आपातकालीन स्थिति में रास्ता उपलब्ध कराने की व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए।
विस्तार
सलेमपुर में बुधवार की सुबह अस्पताल ले जाए जा रहे बुजुर्ग की जाम में फंसे रह जाने से मौत हो गई। मईल थाना क्षेत्र निवासी बुजुर्ग को अस्पताल पहुंचाने के लिए बेटा बेतरतीब गाड़ियों की भीड़ में रास्ते के लिए लोगों से गुहार लगाता रहा। जाम से निकलने में करीब आधा घंटा लग गया और इलाज से पहले ही बुजुर्ग की सांसें थम गईं।
निजी गाड़ी से सीएचसी सलेमपुर के लिए निकले थे शंभू मणि
मईल थाना क्षेत्र के कपूरी गांव निवासी कलाधर मणि त्रिपाठी (80) की बुधवार सुबह अचानक तबीयत बिगड़ गई। पिता की हालत गंभीर देख करीब साढ़े आठ बजे बेटे शंभू मणि उन्हें निजी गाड़ी से लेकर सीएचसी सलेमपुर जाने के लिए निकले।
नहीं मिल सका रास्ता
कुछ ही देर में गांव से सलेमपुर कस्बे में पहुंच गए और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र करीब था। गांधी चौक से आगे स्टेशन रोड पर पहुंरचने पर शंभू की गाड़ी जाम में फंस गई।
सड़क की दोनों पटरियों पर सब्जी की दुकानें लगी होने से वाहनों की लंबी कतार लगी हुई थी और गाड़ियों के पहिये थमे हुए थे।
पिता की बिगड़ती हालत और जाम देखकर शंभू मणि की धड़कनें बढ़ने लगीं। लाचार शंभू बुजुर्ग पिता की तबीयत का हवाला देते हुए गुहार लगाते रहे लेकिन रास्ता नहीं मिल सका। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद किसी तरह जाम से निकाल कर अस्पताल पहुंचे मगर तब तक देर हो चुकी थी।
अस्पताल पहुंचने से पहले ही मरीज की हो चुकी थी मौत
सीएचसी के डॉ. अरुण कुमार ने बताया कि अस्पताल पहुंचने से पहले ही मरीज की मौत हो चुकी थी।
कस्बे की प्रमुख सड़कों से जाम हटवाने के लिए समय-समय पर अभियान चलाए जाते हैं। सब्जी मंडी रोड पर जाम की वजह से किसी की मौत की जानकारी नहीं है। सड़क पर लग रही दुकानों को हटवाने के लिए व्यापारियों के साथ बैठक की जाएगी। -गौरव सिंह, सीओ सलेमपुर
