सूरत में रुद्रपुर के युवक की मौत
गुजरात प्रांत के सूरत में रुद्रपुर के अवधपुर गांव के रहने वाले एक युवक की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। रविवार की देर रात उसके मरने की सूचना घर वालों को मिली तो घर में शोक की लहर दौड़ गई।
वह तीन माह पहले कमाने गया था। मृतक सूरत स्थित एक कंपनी में हीरा घिसाई का काम करता था।
अवधपुर गांव का रहने वाला रामहित निषाद (44) दो भाइयों में बड़ा था। घर वालों के अनुसार बीते अगस्त महीने में वह सूरत कमाने गया था। इससे पहले भी वह कई बार कई जगहों पर कमाने जा चुका था।
रविवार की रात कंपनी से लौटने के बाद वह कमरे में सोने चला गया। कुछ देर बाद उसके सहयोगी गए तो वह अचेता अवस्था में मिला। उसे नजदीक के अस्पताल में ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत बताया।
युवक की मौत की खबर मिलते ही गांव में मातम का माहौल बन गया। सोमवार की सुबह उसका शव लाने को घर वाले रवाना हुए।
मृतक की पत्नी लालमती और बेटे श्रवण, सन्नी बिटिया, अनीता, मनीषा और निशा का रो -रोकर बुरा हाल था। परिवार के एकमात्र कमाऊ सदस्य की मौत पर पूरा परिवार रो रहा था।
युवक के मरने की सूचना पर उसके दरवाजे पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।