सलेमपुर/भटनी। शुक्रवार देर रात आईं आंधी पानी से सलेमपुर, भटनी नगर समेत करीब 150 गांवों की बत्ती गुल हो गई। लगातार हो रही बारिश के कारण विद्युत कर्मी पेट्रोलिंग नही कर पाए। जिसके कारण शनिवार देर शाम तक बिजली आपूर्ति बहाल नही हो सकी थी। 20 घंटे से विद्युत आपूर्ति ठप होने से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। आंधी-पानी के बाद से सलेमपुर नगर, देहात, सतरांव, लार सब स्टेशन के गांवों में रात से बिजली की आपूर्ति ठप है। लोगों के मोबाइल बंद पड़े हैं। भाटपाररानी व खुखुंदू भटनी सब स्टेशन की लाइन ब्रेक डाउन होने वहां बिजली की आपूर्ति शुक्रवार रात से ही ठप्प है। भटनी विद्युत उपकेंद्र से नगर, रेलवे, देहात, घांटी बाजार, बलुआ अफगान और बैकुंठपुर फीडरों की विद्युत सप्लाई की जाती है। शुक्रवार रात करीब 11 बजे आईं आंधी-पानी से फाल्ट होने से विद्युत आपूर्ति ठप हो गई। शनिवार पूरे दिन लगातार बारिश से फाल्ट ठीक नही किया जा सका। ऐसे में करीब 20 घंटे से लोगों को बिजली के बिना परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस बाबत जेई गोरख प्रसाद गुप्त ने बताया कि बारिश बंद होते ही दिक्कत दूर कर आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।