प्रतापपुर। बनकटा थाने के हरेराम चौराहे पर शुक्रवार की शाम को हुई लूट की घटना के विरोध में दुकानदारों व क्षेत्र के लोगों ने शनिवार को पांच घंटे तक भवानी छापर-प्रतापपुर मार्ग जाम कर धरना दिया। बाद में मौके पर पहुंचे सीओ भाटपाररानी द्वारा तीन दिन के अंदर लुटेरों को गिरफ्तार करने के आश्वासन पर लोगों ने चार सूत्री ज्ञापन देकर धरना समाप्त किया। ज्ञापन में लोगों ने कहा है कि यह चौराहा बिहार की सीमा पर स्थित है। यहां आए दिन लूट और हत्या की घटनाएं होती रहती हैं जिसमें यहां की पुलिस का भी हाथ है। क्योंकि अब तक यहां घटित होने वाली किसी भी घटना का पुलिस पर्दाफाश नहीं कर पाई। उन्होंने मांग की है कि बॉर्डर पर स्थित लाइसेंसी तथा अवैध ढंग से चलाई जा रही शराब की दुकानों को बंद किया जाए, लूट की घटना का पर्दाफाश, चौराहे पर पुलिस चौकी की व्यवस्था की जाए और सीमा पर पुलिस की अवैध वसूली बंद की जाए। इस दौरान कृष्णकांत सिंह, जीब्राइल अंसारी, विजयमल कुशवाहा, डॉ. दिलीप कुमार, अमीर हुसेन, राकेश गुप्ता, रविंद्र गुप्ता, सत्येंद्र कुशवाहा, धर्मेंद्र चौरसिया, सहित कई लोग धरने में शामिल रहे।