देवरिया। चीनी मिल चलाओ संघर्ष समिति का धरना कलेक्ट्रेट परिसर में 21वें दिन बृहस्पतिवार को भी जारी रहा। किसानों ने मुख्यमंत्री की ओर से कोई आश्वासन नहीं मिलने पर नाराजगी जताई। संयोजक अवधेश मणि त्रिपाठी ने कहा कि बुधवार को मुख्यमंत्री के आगमन पर किसान उम्मीद लगाए बैठे थे कि बैतालपुर चीनी मिल चलाने की घोषणा आज की जाएगी, लेकिन सीएम ने किसानों की समस्या से मुंह मोड़ लिया। इससे सरकार की किसान विरोधी छवि एक बार फिर जगजाहिर हो चुकी है। जिले के किसान बैतालपुर चीनी मिल चलाने की मांग को लेकर 21 दिन से धरना पर बैठे हैं। सरकार इनकी सुधि नहीं ले रही। आगामी चुनाव में इसका खामियाजा भाजपा को भुगतना पड़ेगा। अध्यक्ष ब्रजेंद्र मणि त्रिपाठी ने कहा कि भाजपा सरकार में लोकतंत्र मर चुका है। पूर्व केंद्रीय मंत्री व सदर सांसद कलराज मिश्र ने चीनी मिल चलाने की मांग की। लेकिन मुख्यमंत्री ने अनसुना कर दिया। इससे यह प्रतीत हो गया कि सरकार में यहां के जन प्रतिनिधियों का सम्मान नहीं है। कांग्रेस नेता सुयश मणि त्रिपाठी ने कहा कि सीएम का यह मानना कि भारत में जितनी चीनी की खपत है उससे अधिक उत्पादन है। इससे बड़ा हास्यास्पद कुछ हो ही नहीं सकता। इस दौरान दरोगा यादव, पूर्व सांसद आस मोहम्मद, वेद प्रकाश, बरकत अली, गीता पांडेय, कौशलेश मिश्र, सुभाष यादव, अवनीश मणि आदि मौजूद रहे।