चित्रकूट। नवागंतुक जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ला ने गुरुवार की दोपहर को मुख्यालय के कोषागार पहुंचकर कार्यभार ग्रहण किया। कोषागार का निरीक्षण करते हुए पेंशन प्रकरण के संबंध में पटल सहायकों से जानकारी की। निर्देश दिए कि पेंशनरों से व्यवहार मधुर रखें। किसी के काम को लंबित न करें। इसके बाद पत्रकारों से बातचीत में उन्होेंने कहा कि हर समस्या का समाधान कराना ही पहली प्राथमिकता है। शासन के विकास कामों में कोई लापरवाही नहीं होने देंगे। लापरवाही करने वाले पर कार्रवाई करने से नहीं चूकेंगे।
डीएम ने बताया कि वह शासन की मंशानुरूप ही विकास कामों को आगे बढ़ाएंगेे। धार्मिक नगरी में धर्म व पर्यटन से जोड़कर चल रहे कामों में में कोई अड़चन नहीं आने देंगे। सभी समस्याओं का समाधान कराने का प्रयास रहेगा। इस जनपद में विकास कार्यों को कराएं जाने की अपार संभावनाएं हैं। जीरो ग्राउंड पर जाकर कार्य करेंगे तो जो गैप है वह समाप्त होगा। बैठक में सीडीओ अमित आसेरी, एडीएम जीपी सिंह, वरिष्ठ कोषाधिकारी शैलेश कुमार आदि मौजूद रहे।