फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Chitrakoot News ›   Forensic team collected samples; the torso and head of the person blown apart in the blast were not found.

Chitrakoot News: फॉरेंसिक टीम ने जुटाए नमूने, नहीं मिला धमाके में उड़े व्यक्ति का धड़ और सिर

Tue, 15 Sep 2026 11:41 PM IST
कानपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, चित्रकूट
संवाद न्यूज एजेंसी, चित्रकूट Updated Tue, 15 Sep 2026 11:41 PM IST
विज्ञापन
Forensic team collected samples; the torso and head of the person blown apart in the blast were not found.
चित्रकूट। पहाड़ी थाना क्षेत्र के अशोह गांव के पास भाजपा नेता के खाली प्लॉट में हुए विस्फोट के मामले में प्रयागराज से बम निरोधक दस्ता जांच के लिए पहुंचा।
विज्ञापन

टीम ने करीब दो से तीन घंटे तक घटनास्थल की बारीकी से जांच की और आसपास बिखरे बैटरी, तार, इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस सहित अन्य सामान जांच के लिए अपने साथ ले गई। उधर, धमाके में उड़े व्यक्ति के सिर और धड़ का सुराग नहीं लगा।
विज्ञापन

अधिकारियों का कहना है कि फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही विस्फोटक के प्रकार और विस्फोट के कारणों के बारे में सही जानकारी मिल सकेगी। उधर, पुलिस की टीमें आसपास के गांवों में और चरवाहों से पूछताछ में जुटी है। वहीं, प्रथम दृष्टया जांच में टीम को यह विस्फोट खदानों में पत्थर तोड़ने में इस्तेमाल होने वाले विस्फोटक जैसा लग रहा है।
विज्ञापन
विज्ञापन


12 सितंबर की शाम करीब पांच बजे लोहदा निवासी भाजपा के आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ के क्षेत्रीय संयोजक जगदीश प्रसाद गौतम के खाली प्लॉट में तेज धमाका हुआ था। पुलिस ने बिजली गिरने व सूअर मारने के लिए विस्फोट का अंदेशा जता इसे हल्के में लिया था।
दो दिन बाद प्लॉट व पास में करीब 300 मीटर दूर दो कटे जले हुए पैर मिले तो चरवाहों में पुलिस को सूचना दी। सूचना पर अधिकारी मौके पर पहुंचे और प्लॉट के अंदर तलाशी ली। जहां एक फटी हुई बैटरी, तार लगी प्लेट, जली हुई शर्ट सहित अन्य कई वस्तुएं मिलीं थीं।

सूचना पर प्रयागराज से बम निरोधक दस्ता, बांदा से फॉरेंसिक टीम, डॉग स्क्वायड सहित अन्य कई टीमें मौके पर पहुंची और घटनास्थल पर मिली सामान को कब्जे में लिया। बम निरोधक दस्ते ने शुरुआती जांच में पाया कि खदानों में पत्थर तोड़ने में जिस बम का प्रयोग होता है, यह वही लग रहा है। फिलहाल अब इसकी जांच पूरी होने के बाद ही सही वजह सामने आएगी। टीम सभी वस्तुएं अपने साथ ले गई है।
------------
विस्फोट में उड़े व्यक्ति की नहीं हो सकी पहचान

अशोह गांव के पास भाजपा नेता के खाली प्लॉट में बम से उड़े व्यक्ति के बारे में अभी तक कोई जानकारी नहीं मिल सकी है। पुलिस को केवल दो कटे व जले हुए पैर ही मिल सके हैं। धड़ व सिर के बारे में कोई सुराग नहीं लग सका है। पुलिस लगातार आसपास के ग्रामीणों व चरवाहों के पूछताछ कर व्यक्ति के पहचान के प्रयास में जुटी है। किसी को व्यक्ति के बारे में कोई खबर नहीं है कि व्यक्ति खाली प्लॉट में कब से रहकर बम बनाने का काम कर रहा था।

--------
इलाके के लोग दहशत में
अशोह गांव के पास भाजपा नेता जगदीश प्रसाद गौतम के खाली प्लॉट में हुए तेज विस्फोट के बाद पहाड़ी, बाबूपुर, अशोह सहित अन्य कई गांवों में दहशत का माहौल है। गांव में किसी अनजान व्यक्ति के आने पर खतरे की आशंका जता रहे हैं। अब तो लोग खाली पड़े घरों व प्लॉटों को देखने लगे हैं, उनको आशंका है कि कहीं उनके यहां भी तो ऐसा कुछ नहीं है।

-------------

पूर्व विधायक ने की एनआईए जांच की मांग
भाजपा के पूर्व विधायक आनंद शुक्ला ने मुख्यमंत्री को पत्र भेज लिखा है कि घटना के बाद से ग्रामीणों में भय है। संदिग्ध गतिविधियों पर ठीक से नजर रखी जानी चाहिए। पूरे घटना की साजिश का पर्दाफाश करने के लिए एनआईए (राष्ट्रीय जांच एजेंसी) से जांच की मांग की गई है। पत्र में कहा गया है कि घटना में जो भी दोषी मिले, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।
------------
डीआईजी पहुंचे घटनास्थल
चित्रकूट। पहाड़ी थाना क्षेत्र के अशोह गांव में भाजपा नेता जगदीश प्रसाद गौतम के खाली प्लॉट में विस्फोट के बाद मंगलवार की शाम को डीआईजी राजेश एस, एसपी अरुण कुमार सिंह के साथ पहुंचे और प्लॉट के अंदर घटनास्थल का निरीक्षण किया।
डीआईजी ने बताया कि घटना की जांच के लिए बम निरोधक दस्ता, फॉरेंसिक, सर्विलांस सहित कई टीमें लगी हुई हैं। पुलिस पहले विस्फोट में उड़े व्यक्ति के पहचान में जुटी हुई है।
अभी तक जिले के अलावा आसपास के जिलों में भी कोई इस तरह का घायल नहीं पहुंचा है। पुलिस आसपास खेतों में शव के हिस्सों की तलाश कर रही है। साथ ही ग्रामीणों से भी पूछताछ कर जानकारी जुटाने में डटी हुई है। (संवाद)
पहाड़ उड़ाने के लिए तैयार किया जा रहा था विस्फोटक
चित्रकूट। धर्मनगरी में पहाड़ों के खनन के लिए क्रशर के जरिए किए जाने वाले बड़े विस्फोट की आशंका ने खेत में हुए धमाके की जांच को नया मोड़ दे दिया है। घटनास्थल की जांच के लिए प्रयागराज से आई बम निरोधक दस्ते की टीम ने मौके से मिले साक्ष्यों की जांच की। टीम ने भी यह आशंका जताई की पत्थरों को तोड़ने के लिए ही बड़ा ब्लास्ट हुआ है। फिलहाल जांच चल रही है।
एसपी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आशंका है कि विस्फोटक का इस्तेमाल पहाड़ को उड़ाने के लिए किए जाने वाले बड़े ब्लास्ट की तैयारी में किया जा रहा था। हालांकि, विस्फोटक की प्रकृति और घटना के वास्तविक कारणों को लेकर जांच अभी जारी है। पुलिस इस एंगल को भी जांच में शामिल कर रही है कि खेत में विस्फोटक किस उद्देश्य से लाया गया था? और इसे तैयार करने के पीछे कौन था ? क्या विस्फोटक तैयार करते समय ही यह हादसा हुआ, जिसमें किसी की जान गई?
पुलिस अब बरामद अवशेषों और अन्य साक्ष्यों की जांच के आधार पर पूरे मामले की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही धमाके की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी।



वर्जन

घटना के बाद बम निरोधक दस्ता, फॉरेंसिक टीम पहुंची है। जांच में प्रथम दृष्टया खदानों में पत्थर तोड़ने में प्रयोग होने वाला बारूद प्रतीत हो रहा है। इनकी जांच पूरी होने के बाद ही बम कैसा था, इसकी पुष्टि हो सकेगी। सबसे पहले विस्फोट में हताहत व्यक्ति की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।
- अरुण कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed