Chitrakoot: एआरटीओ और पुलिस कर्मियों पर जानलेवा हमला, ओवरलोडिंग की जांच करने पहुंची थी टीम
ओवरलोडिंग की जांच करने पहुंचे एआरटीओ और पुलिस कर्मियों पर जानलेवा हमला कर दिया गया। वहीं, सूचना पर थाना पुलिस के आते ही अफरा तफरी मच गई। मौके से चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि कई भागने में सफल रहे।
विस्तार
चित्रकूट जिले में ओवरलोडिंग की जांच करने पहुंचे एआरटीओ व उनकी टीम पर कुछ ट्रक मालिकों व ग्रामीणों ने जानलेवा हमला कर दिया। इससे अफरा तफरी मच गई। एआरटीओ व उनके तीन पुलिस हमराहियों को चोटें आईं। इनका सीएचसी में मेडिकल परीक्षण कराया गया।
इस विवाद में कोई ट्रक नहीं पकड़ा गया। एआरटीओ की तहरीर पर चार नामजद व 15 अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। शनिवार की दोपहर को जिलेके भरतकूप थाना अंतर्गत गोंडा मोड़ से मंदिर के पास एआरटीओ विवेक शुक्ला अपने तीन पुलिस हमराही बलराम, सुमित व अमित के साथ जांच करने पहुंचे।
उन्होंने बताया कि आए दिन ओवरलोडिंग की शिकायत मिल रही थी। जैसे ही उन्होंने वहां पर खड़े व गुजरने वाले पत्थर लदे ट्रकों की जांच शुरु की तो कई ट्रक मालिक व उनके सहयोगी पहुंचे गए। ट्रक मालिकों के साथ आसपास के कई ग्रामीण भी आ गए।
इसमें कई महिलाएं भी शामिल थीं। सभी ने जांच कार्य का विरोध कर टीम को जाने के लिए कहा, लेकिन एआरटीओ नहीं माने। उन्होंने एक ट्रक मालिक को बोलेरो से उताराञ इसी बीच मारपीट के हालात बन गए। लोगों ने टीम पर हमला कर दिया।
एआरटीओ ने आरोप लगाया कि ओवरलोड़ ट्रक से पत्थर का ढुलान करने वालों ने ग्रामीणों को उकसाकर उन पर जानलेवा हमला कर दिया। तीनों पुलिसकर्मियों ने एआरटीओ को बचाने का प्रयास किया लेकिन उनके साथ भी मारपीट व धक्का मुक्की हुई।
इस घटना से मौके पर अफरातफरी मच गई। सूचना मिलते ही भरतकूप थाना प्रभारी दुर्गेश कुमार मय टीम पहुंचे तो ग्रामीण व ट्रक मालिक और उनके सहयोगी इधर उधर भागने लगे। पुलिस टीम ने शिवशंकर त्रिपाठी, राजकुमार, नंद किशोर व राजकरन को पकड़ लिया।
वहीं, अन्य भागने में सफल रहे। थाना प्रभारी ने बताया कि एआरटीओ की तहरीर पर चार नामजद व 15 अज्ञात के खिलाफ सरकारी काम में बाधा, गाली गलौज, मारपीट व जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज की गई है। चारों नामजद को पकड़ा गया है और अन्य की तलाश जारी है।