{"_id":"20662c230b2e55e5c6cff909a37cd818","slug":"balkhadiya-beat-three-villagers-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"बलखड़िया ने तीन ग्रामीणों को जमकर पीटा ","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
बलखड़िया ने तीन ग्रामीणों को जमकर पीटा
ब्यूरो/ अमर उजाला चित्रकूट
Updated Sun, 10 May 2015 11:44 PM IST
विज्ञापन
असलहों से लैस बलखड़िया गैंग ने शनिवार देर रात चौकी अंतर्गत बंदरी ग्राम पंचायत में जमकर उपद्रव मचाया। निर्माणाधीन संपर्क मार्ग में कार्यरत मेठ के पिता समेत तीन ग्रामीणों की लात घूंसों और बंदूक की बटों से जमकर पिटाई की। जेसीबी फूंक दी और ट्रैक्टर क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना के पीछे चौथ वसूली को कारण माना जा रहा है। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर पंद्रह लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
विज्ञापन
भरतकूप कसबे से लगभग पंद्रह किमी दूर बंदरी ग्राम पंचायत में पीडब्ल्यूडी द्वारा कल्लू मैनेजर के पुरवा से गोलरियन की भौंठी तक करीब दो किमी संपर्क मार्ग का निर्माण कराया जा रहा है। गांव निवासी पप्पू ने बताया कि काम का ठेका दिनेश यादव निवासी स्वराजपुर ने लिया है। इसमें उसका भाई उमेश सिंह पटेल जेसीबी चलाता है। अशोक पटेल का ट्रैक्टर भी निर्माण कार्य में लगा है। जबकि लल्लू गर्ग और रामहित पटेल मेठ हैं।
विज्ञापन
पप्पू ने बताया कि शनिवार रात करीब 12 बजे बलखड़िया गिरोह के दो दर्जन असलहाधारी सदस्य रामहित के पुरवा में आ धमके। उन्होंने वहीं प्राथमिक विद्यालय के पास लेटे बसंतलाल से बेटे रामहित और लल्लू को बुलाने को कहा। बसंतलाल ने जब यह कहा कि वो दोनों कर्वी गए हैं तो बदमाशों ने बंदूकों की बटों और लात-घूंसों से उनकी जमकर पिटाई की।
विज्ञापन
बगल में सो रहे अशोक के भाई केशव पटेल और राजाराम निवासी जबरापुर को भी बुरी तरह पीट दिया। इसके बाद बदमाशों ने वहीं खड़ी जेसीबी को जला दिया और पास खड़े ट्रैक्टर को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। एक घंटे तक बवाल मचाने के बाद बदमाश गालीगलौज कर चले गए। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि रामहित पटेल की तहरीर पर ग्रामीण मकसूदन, रज्जन, प्रेम सिंह, बब्बू और भूरा समेत गैंग के पंद्रह सदस्यों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।