शिकारगंज। क्षेत्र के विसौरा गांव निवासी अखिलेश पाल (32) की गुजरात प्रांत के वासी थाना क्षेत्र में चाकू मारकर हत्या कर दी गई। वह वहां ऑटो चलाने का कार्य करता था। बृहस्पतिवार की रात उसका शव गांव पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया। शुक्रवार को परिवार वालों ने उसका अंतिम संस्कार कर दिया। इस दौरान गांव में भी चूल्हे नहीं जले।
क्षेत्र के पंडी ग्राम पंचायत के विसौरा गांव निवासी स्व. जयश्री पाल के दो पुत्रों में अखिलेश पाल छोटा था। काम की तलाश में लगभग बीस वर्ष पहले वह गुजरात चला गया था। इसके बाद वह वहां रहकर ऑटो चलाने लगा। कोरोना काल के दौरान मार्च माह में वह गांव वापस लौट आया था। हालात सामान्य होने पर वह 13 दिसंबर 2020 को काम के लिए फिर से गुजरात चला गया। गुजरात प्रांत के वासी थाना क्षेत्र में बुधवार को उसका शव झाड़ियों में पड़ा मिला। उसके शरीर व गर्दन पर चाकू से वार के कई निशान थे। आवश्यक कार्रवाई के बाद गुजरात पुलिस उसका शव लेकर बृहस्पतिवार की रात विसौरा गांव पहुंची। अखिलेश का शव देखते ही उसकी मां मंजू देवी, भाई लवकुश व पत्नी शशिकला का रो-रोक बुुरा हाल हो गया । उसका एक वर्षीय पुत्र अर्पित भी है। परिवार वालों ने बताया कि गुजरात जाने से पहले उसने वादा किया था कि होली पर जब वह घर आयेगा तो खपरैल को गिराकर पक्के मकान की नींव रखेगा।