पड़ाव। आठ महीने से पेयजल आपूर्ति बाधित होने से से परेशान जलीलपुर और चौरहट गांव के लोगों ने रविवार की शाम जल निगम के एक्सईएन और जेई का घेराव किया। दो दिन में समस्या का समाधान कराने के आश्वासन पर ग्रामीण शांत हुए। क्षेत्र के सूजाबाद स्थित टंकी से इलाके के कई गांवों में पानी की आपूर्ति की जाती थी। वहीं, एक नलकूल जलीलपुर पंचायत भवन के पास लगा था। इससे भी जलापूर्ति की जाती थी। पड़ाव से गोधना तक सिक्स लेन का निर्माण शुरू होने पर सूजाबाद से जलीलपुर, चौरहट आदि गांवों में आई पाइप लाइन क्षतिग्रस्त हो गई थी। ग्रामीणों की शिकायत के बाद इस पूरे इलाके में जलीलपुर के नलकूप से पानी की आपूर्ति शुरू की गई। यहां आरओ सिस्टम भी लगाया गया। इसी बीच सिक्स लेन निर्माण के चलते इस नलकूप को भी हटा दिया गया। तब से पूरे इलाके में पानी की आपूर्ति ठप है। रविवार की शाम भाजपा नेता संजय पासवान जलीलपुर गांव पहुंचे तो ग्रामीणों ने उन्हें पेयजल की समस्या बताई। इस पर उन्होंने जल निगम के एक्सईएन अमित कुमार राजपूत ओर जेई कुणाल को मौके पर बुलाया। जैसे ही दोनों अधिकारी जलीलपुर पहुंचे तो ग्रामीणों ने उनका घेराव कर नारेबाजी शुरू कर दी। एक्सईएन ने आश्वासन दिया कि दो दिन में जलीलपुर गांव में बोरिंग के बाद कनेक्शन जोड़कर जलापूर्ति शुरू करा दी जाएगी। प्रदर्शन में रमेश चौरसिया, शाहिद, बच्चे लाल पासवान, संजय कनौजिया, बबलू गुप्ता, विनोद कुमार सिंह, छोटेलाल गोंड़ आदि शामिल थे।