पीडीडीयू नगर। अलीनगर थाना क्षेत्र के ताराजीवनपुर क्षेत्र में इन दिनों रिंग रोड निर्माण का कार्य चल रहा है। कार्य में लगे जेसीबी हाइड्रा डंपर से क्षेत्र के एक दर्जन सड़कें पूरी तरह बदहाल हो चुकी हैं। इससे नाराज ग्रामीणों ने बृहस्पतिवार को तारापुर गांव के समीप वाहनों को रोककर प्रदर्शन किया। हंगामे की सूचना पर पहुंचे विभागीय अधिकारियों के सड़क मरम्मत व नाली निर्माण का आश्वासन दिए के बाद ग्रामीण शांत हो गए।
ग्रामीणों का आरोप था कि रिंग रोड निर्माण का कार्य क्षेत्र के करीब एक दर्जन गांवों में चल रहा है। बरसात व रिंग रोड निर्माण में लगे वाहनों के आवागमन से क्षेत्र की सभी सड़कें बदहाल हो चुकी हैं। सड़कों पर आवागमन करना जोखिम भरा हो गया है। सड़कों पर बने गड्ढों में आए दिन राहगीर गिरकर चोटिल हो रहे हैं। इसकी शिकायत ग्रामीणों ने कई बार उच्चाधिकारियों से की लेकिन स्थिति जस की तस है। ग्रामीणों के हंगामे और प्रदर्शन की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचे विभागीय अधिकारियों ने सड़क व नाली निर्माण कराने का आश्वासन दिया जिसपर ग्रामीण शांत हुए। प्रदर्शन करने वालों में दीपक पांडेय, सोहेल खान, गुलाब यादव, रुस्तम अली, वीरेंद्र मिश्रा, शशांक शर्मा, पीयूष पांडेय, टोनी पांडेय, फिरोज अली, राम पूजन, सरफुद्दीन, मुन्ना प्रधान, मनोज पांडेय, तेजू अली शामिल रहे।