चंदौली। जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में बुधवार को जिला उद्योग बंधु की बैठक हुई। इसमें रामनगर औद्योगिक क्षेत्र फेज-2 के प्रवेश मार्ग को चौड़ा करने, औद्योगिक फीडर से विद्युत आपूर्ति करने, प्रशासनिक भवन के किराए का निर्धारण करने और औद्योगिक क्षेत्र में एसबीआई के बंद पड़े एटीएम को फिर से चालू कराने की मांगों पर चर्चा हुई। इस दौरान जिलाधिकारी ने पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों को रामनगर औद्योगिक क्षेत्र फेज-2 का प्रवेश मार्ग चौड़ा कराने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों को प्रवेश मार्ग को चौड़ा करने का कार्य प्राथमिकता से पूरा कराने का निर्देश दिया। उन्होंने अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण खंड प्रथम को मौके पर निरीक्षण कर बिजली आपूर्ति की समस्या का समाधान कराने का निर्देश दिया। एसबीआई के बैंक मैनेजर को एटीएम मशीन लगाकर एटीएम चालू करने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने निवेश मित्र पोर्टल से संबंधित मामलों और मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना के तहत ऋण स्वीकृति एवं वितरण की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को इन योजनाओं के तहत आए आवेदन पत्रों को किसी भी दशा में लंबित नहीं रखने की हिदायत दी। जिलाधिकारी ने कहा कि औद्योगिक इकाइयों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जानी चाहिए। साथ ही निवेश व निर्यात गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए प्रभावी प्रयास करने का निर्देश दिया।