मोहनिया। चैनपुर थाना क्षेत्र हाटा बाजार में तीन दोस्तों ने एक किशोर की सिर्फ इस बात पर पिटाई कर दी कि उनके कहने पर किशोर ने रुपये खर्च करने से इंकार कर दिया था। मारपीट के दौरान गंभीर रूप से घायल हुए किशोर को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां देर सोमवार की रात उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस शव को थाने ले आई जहां आवश्यक कार्रवाई कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भभुआ स्थित सदर अस्पताल भेज दिया। पीड़ित पक्ष से मिली तहरीर के आधार पर पुलिस आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई में जुट गई है।
मृतक दानिश (14) के बड़े भाई रिजवान आलम ने चैनपुर थाने में पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया कि 16 अक्टूबर को थाना क्षेत्र के करौंदिया ग्राम निवासी अमरजीत चौहान, संजीव चौहान व मुलायम चौहान घूमने के नाम पर दानिश को अपने साथ बाइक से मुंडेश्वरी लेकर चले गये। इसके बाद शाम को उसके घर के बाहर लाकर छोड़ दिया। बताया कि दानिश मोटरसाइकिल से गिर गया है। बाद में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। उस दौरान दानिश ने बताया कि तीनों लोगों ने उससे खर्च करने के लिए रुपये मांगे थे, जब उसने रुपये देने से इंकार किया तो उसे मोटरसाइकिल से गिरा दिया और उसकी जमकर पिटाई भी की। मृतक के भाई की ओर से मिली तहरीर के आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई है।