Chandauli: पत्नी से अवैध संबंध के शक में दोस्त को मारा चाकू, शव को नाले में छिपाया, 14 दिन बाद पकड़ा गया
चंदौली के सेरुका गांव निवासी शैलेंद्र भारती का शव 21 अक्तूबर को नाले में मिट्टी से दबा मिला था। अवैध संबंध के चलते उसकी हत्या की गई थी। शनिवार को पुलिस ने इस हत्याकांड का खुलासा कर दिया।
विस्तार
चंदौली सदर कोतवाली अंतर्गत लीलापुर के पास हाईवे पर सेरुका गांव निवासी शैलेंद्र भारती की हत्या का पुलिस ने शनिवार को खुलासा कर दिया। चंदौली पुलिस और सर्विलांस टीम ने हत्यारोपी को चार नवंबर की दोपहर में भगवानपुर फाटक के पास से गिरफ्तार किया था। उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया।
पुलिस के अनुसार अवैध संबंध के चलते हत्या की गई थी। शनिवार को पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या दो पर 21 अक्तूबर को नाले में मिट्टी से दबा शव मिला था। मृतक की शिनाख्त शैलेंद्र कुमार भारती पुत्र रामकृत निवासी ग्राम सेरुका थाना चंदौली सदर के रूप में हुई। पुलिस ने घटना की जांच-पड़ताल शुरू कर दी।
मामले में कोतवाल संतोष सिंह ने जांच-पड़ताल के आधार पर शुक्रवार दोपहर में दो बजे हत्यारोपी के रूप में विनोद कुमार निवासी सवैया पट्टीदारी थाना सैयदराजा को गिरफ्तार किया। विनोद ने शैलेंद्र की हत्या का जुर्म कबूल किया। उसकी निशानदेही पर लीलापुर रेलवे क्रासिंग के पास हाईवे किनारे बने नाले के अंदर मिट्टी में छिपाकर रखे चाकू तथा जेठमलपुर तिराहा थाना क्षेत्र सैयदराजा स्थित नहर के किनारे फेंका गया मृतक का मोबाइल फोन बरामद किया।
आरोपी ने बताया कि मृतक शैलेंद्र कुमार भारती का मेरे घर आना-जाना था। इसी बीच पत्नी से उसका संबंध हो गया। जब मुझे इसकी जानकारी हुई तो मैंने शैलेंद्र की हत्या की योजना बनाई। 19 अक्तूबर को मैंने अपने मोबाइल से शैलेंद्र को फोन कर बताया कि शाम को लीलापुर आना। यहां पर आधार कार्ड से कुछ लोगों का पैसा निकलवाना है।
इसके बाद मैं योजनानुसार घर से शाम 5.30 बजे अपनी बाइक से निकला। अपना मोबाइल छोड़ पत्नी का मोबाइल लिया। इस नंबर की जानकारी अन्य किसी को नहीं थी। पहले लीलापुर रेलवे क्रासिंग के पास हाईवे किनारे नाले के पास आया, यहां चाकू छिपाकर नाले में रख दिया। इसके बाद शैलेंद्र को फोन कर बुलाया। हम लोग बाइक से लीलापुर रेलवे क्रासिंग पहुंचे। यहां दोनों ने शराब पी। शैलेंद्र के नशे में आने के बाद छिपाकर रखे चाकू से उसकी गर्दन काट दी। इसके बाद शव नाले में छिपा दिया।