चंदौली। निजी विद्यालयों के संचालकों द्वारा बच्चों के अभिवावकों पर फीस जमा कराने के लिए दबाव बनाया जा रहा है। लेकिन स्कूल बंद होने से अभिभावक फीस जमा करने के पक्ष में नहीं हैं। मामला संज्ञान में आने के बाद मुगलसराय विधायक साधना सिंह ने शुक्रवार को डीएम नवनीत सिंह चहल और डीआइओएस डा. विनोद राय से मुलाकात की। कलेक्ट्रेट सभागार में अभिवावकों और स्कूल संचालकों के बीच बैठक के दौरान डीएम ने आपसी सहमति से निर्णय लेने का सुझाव दिया। कोरोना के चलते कुछ विद्यालय आनलाइन कक्षाएं संचालित कर रहे हैं। जबकि कई कान्वेंट स्कूल इसमें रुचि नहीं ले रहे। ऐसे में अभिभावक भी स्कूल की फीस को लेकर बेपरवाह हो गए हैं। उनका कहना रहा कि जब कक्षाएं ही नहीं चल रहीं तो फीस क्यों जमा की जाए। आनलाइन कक्षाओं का कोई विशेष लाभ बच्चों को नहीं मिल रहा है। कई स्थानों पर फीस के लिए दबाव बनाने के मामले सामने आए हैं। जबकि विद्यालय प्रबंधन का कहना रहा कि बच्चों की सुरक्षा के मद्देनजर शासन की मंशा के अनुरूप विद्यालय बंद हैं। फिर भी आनलाइन कक्षाएं चलाई जा रही हैं। जिलाधिकारी ने कहा, अभिभावक व प्रबंधक आपसी सहमति से कोई बीच का रास्ता निकालें। विद्यार्थियों के भविष्य को देखते हुए आनलाइन कक्षाओं का संचालन बेहद जरूरी है। विधायक ने भी डीएम के सुझाव पर सहमति जताई। इस दारान सूर्यमुनी तिवारी, विनय कुमार, डा. अनिल यादव, रमेश जायसवाल, कुमार रवि, खान मुहम्मद अनीस, हाजी वसीम, चंद्रभूषण व सतनाम सिंह मौजूद थे।