पीडीडीयू जंक्शन पर जनसंवाद: यात्रियों ने डीआरएम से बताईं समस्याएं, कहा- सफाई पर और ध्यान दें
पीडीडीयू जंक्शन पर डीआरएम उदय सिंह मीना ने यात्रियों से संवाद कर यात्री सुविधाओं का फीडबैक लिया। यात्रियों ने ट्रेनों में साफ-सफाई और बेहतर करने की जरूरत बताई। डीआरएम ने कूड़ेदान, एटीवीएम, मोबाइल टिकटिंग और रेल मदद जैसी सुविधाओं के इस्तेमाल की अपील की।
विस्तार
रेलवे के विशेष स्वच्छता अभियान के तहत बृहस्पतिवार को पंडित दीनदयाल उपाध्याय रेल मंडल के सभी स्टेशनों पर जनसंवाद किया गया। इसी क्रम में पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन पर मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) उदय सिंह मीना ने अधिकारियों के साथ यात्रियों से बातचीत कर यात्री सुविधाओं का फीडबैक लिया। इस दौरान यात्रियों ने कहा कि रेलवे में पहले की तुलना में बदलाव हुआ है, लेकिन ट्रेनों में साफ-सफाई को और बेहतर बनाने की जरूरत है। डीआरएम ने यात्रियों से स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करने और रेलवे की उपलब्ध सुविधाओं का अधिक से अधिक उपयोग करने की अपील की।
यात्रियों से जाना सुविधाओं का हाल
बृहस्पतिवार सुबह 10 बजे डीआरएम उदय सिंह मीना अधिकारियों के साथ स्टेशन पहुंचे। उन्होंने यात्रियों से बातचीत कर स्टेशन परिसर की स्वच्छता, यात्री सुविधाओं और टिकटिंग व्यवस्था के बारे में जानकारी ली। संवाद के दौरान यात्रियों को अपनी समस्याएं, सुझाव और शिकायतें साझा करने के लिए प्रोत्साहित किया गया, ताकि उनके फीडबैक के आधार पर सुविधाओं में जरूरी सुधार किया जा सके।
कूड़ेदान के इस्तेमाल की अपील
डीआरएम ने यात्रियों को स्वच्छता का महत्व समझाते हुए कचरा निर्धारित डस्टबिन में डालने की अपील की। यात्रियों को अलग-अलग प्रकार के कूड़ेदानों और उनके सही इस्तेमाल की जानकारी भी दी गई। उन्होंने कहा कि रेलवे परिसर को स्वच्छ बनाए रखने में यात्रियों की भागीदारी जरूरी है।
एटीवीएम और रेल मदद की दी जानकारी
यात्रियों को टिकट लेने के लिए ऑटोमैटिक टिकट वेंडिंग मशीन (एटीवीएम) और मोबाइल टिकटिंग जैसी सुविधाओं का उपयोग करने के लिए जागरूक किया गया। साथ ही रेल मदद की 139 हेल्पलाइन और रेल वन के माध्यम से रेलवे सेवाओं से जुड़ी जानकारी प्राप्त करने, शिकायत दर्ज कराने और सुझाव देने की प्रक्रिया बताई गई।
अधिकारियों ने यात्रियों की समस्याओं के त्वरित समाधान और संबंधित विभागों के समन्वय से समयबद्ध कार्रवाई पर जोर दिया। इस दौरान मुख्य चल स्टॉक इंजीनियर (माल) राजेश कुमार, वरीय मंडल यांत्रिक अभियंता नितिन कुमार, मंडल वाणिज्य प्रबंधक विश्वनाथ, स्टेशन अधीक्षक संजय कुमार सिंह, मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक राजेश कुमार और सीएसजी एनके मिश्र सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।