नियामताबाद। विकासखंड के हमीदपुर गांव के मुख्य मार्ग पर बारिश के पानी से जलजमाव हो जाने से नाराज ग्रामीणों ने सोमवार को विरोध प्रदर्शन किया। साथ ही चेताया कि यदि समस्या का जल्द निस्तारण नहीं हुआ तो ग्रामीण जिला मुख्यालय पर विरोध प्रदर्शन करेंगे।
ग्रामीणों ने कहा कि पिछले दिनों हुई बरसात का पानी जल निकासी की उचित व्यवस्था न होने के कारण मुख्य मार्ग पर जमा हो गया है। साथ ही घरों से निकलने वाला पानी भी नहीं निकल पा रहा है। इससे संक्रामक बीमारियों के फैलने की आशंका बढ़ गई है। कहा कि उक्त मार्ग से क्षेत्र के ताहिरपुर, गोपालपुर, मिल्कीपुर आदि गांव के ग्रामीण आवागमन करते हैं। इससे राहगीरों को भी काफी परेशानी हो रही है। मार्ग पर हुई फिसलन से लोग गिरकर घायल हो जा रहे हैं। पानी घरों में भी चला जा रहा है। इससे ग्रामीण काफी परेशान हैं। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि समस्या के निस्तारण के लिए कई बार उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों से इसकी शिकायत की। लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है। वहीं जलजमाव से होने वाली दुर्गंध से भी आसपास के लोगों को काफी दिक्कत झेलनी पड़ रही है। चेताया कि यदि उनकी मांगे पूरी नहीं हुई तो ग्रामीण जिला मुख्यालय पर विरोध प्रदर्शन करने को बाध्य होंगे। प्रदर्शन करने वालों में रामभजन यादव, चंदन सिंह, विकास यादव, राकेश यादव, अवधेश यादव, गुड्डू यादव, सुनील प्रजापति रहे।