नौगढ़। शौचालय न बनने से नाराज ब्लॉक के भैसौड़ा गांव की मुस्लिम बस्ती के लोगों ने बृहस्पतिवार को गांव में प्रदर्शन किया। ग्रामीणों के प्रदर्शन की सूचना पर आईपीएफ के नेता अजय राय भी पहुंच गए। उन्होंने चेताया कि 15 दिन के अंदर शौचालय का निर्माण कराने के लिए लाभार्थियों को चेक नहीं दिया गया तो ब्लॉक मुख्यालय पर धरना प्रदर्शन किया जाएगा।
ग्रामीणों का कहना था कि गांव को ओडीएफ घोषित कर दिए जाने के बाद भी अभी तक अधिकांश लोगों का शौचालय नहीं बना है। आश्वासन दिया जा रहा है कि महिलाओं के लिए गांव में सामुदायिक शौचालय बनवाए जा रहा है। ग्रामीणों के प्रदर्शन की जानकारी होने पर ऑल इंडिया पीपुल्स फ्रंट के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अजय राय ने बस्तियों का दौरा किया गया। वहीं मजदूर किसान मंच के नौगढ़ प्रभारी रहमुद्दीन ने बताया कि पंचायत में काफी संख्या में शौचालय अधूरे हैं। कुछ लोगों को जो चेक दिया गया है उसे भी बैंक के शाखा प्रबंधक ने लौटा दिया। महिलाओं ने बताया कि बरसात में चारों तरफ जलभराव है। ऐसे में शौच जाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। प्रदर्शन करने वालों में राजू, सजाउद्दीन, शमीम, अलीम, शमसुद्दीन, इस्माइल, कल्लू, फिरोज, ईशा शाह, अनवर, सोनू, असगर अली, हैदर अली, फिरोजुद्दीन, सोमारूद्दीन, करमुल्ला, बरकत अली, मैनुद्दीन मंसूर आलम, शमसुद्दीन शामिल थे।