चंदौली: धान खरीद को लेकर किसान और विभाग आमने-सामने, किसानों ने किया एनएच जाम
चंदौली में धान खरीद को लेकर घमासान मचा है। गुरुवार को जिले के तमाम क्रय केंद्र प्रभारियों ने खरीद प्रक्रिया को ठप कर दिया। इस खबर के बाद आक्रोशित किसानों ने नेशनल हाईवे को जाम कर दिया।
विस्तार
यूपी के चंदौली जिले में धान खरीद को लेकर किसान और विभाग आमने-सामने आ गए हैं। गुरुवार को खरीद प्रक्रिया ठप रहने से नाराज किसानों ने गुरुवार को नेशनल हाईवे को जाम कर दिया। सड़क पर बैठकर जिला प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और तत्काल क्रेय केंद्र शुरू कराने की मांग की। हाईवे जाम होने के कारण दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई।
मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने आक्रोशित किसानों को समझाने का किया लेकिन बात नहीं बनी। मुख्यालय स्थित नवीन मंडी परिसर के सामने जुटे किसानों ने कहा कि धान खरीद को लेकर जिला प्रशासन गंभीर नहीं है। मंडी परिसर में रखा हुआ धान खरीदारी ना होने के कारण भीग गया है। जिससे किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है। मांग किया कि भीगे धान को भी जिला प्रशासन खरीदे। अगर ऐसा नहीं हुआ तो जन आंदोलन करेंगे।
क्या है पूरा मामला
चंदौली जिले में गुरुवार को सरकारी क्रय केंद्रों पर धान की खरीद ठप रही। डिप्टी आरएमओ अनूप श्रीवास्तव के साथ किसानों की हुई गर्मागर्म बहस को मुद्दा बनाते हुए क्षेत्रीय विपणन अधिकारी भूपेंद्र प्रताप ने डीएम सहित अन्य उच्चाधिकारियों को पत्र भेजा है। मांग किया है कि आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से कर्मचारियों में भय की स्थिति बनी हुई है।
पिछले दिनों जारी सभी ऑनलाइन टोकन निरस्त होने से किसानों में जबरदस्त नाराजगी है। बुधवार को किसानों ने डिप्टी आरएमओ अनूप श्रीवास्तव का नवीन मंडी में घेराव किया था। किसानों ने उन्हें खूब खरी-खोटी सुनाई थी। इस पर डिप्टी आरएमओ ने किसानों से कहा था कि खरीद न होने के बारे में सरकार से पूछिए। किसानों ने आरोप लगाया कि जानबूझकर किसानों को परेशान किया जा रहा है। बार-बार टोकन निकालना पड़ रहा है। इसके बाद भी उपज नहीं खरीदी जा रही है। अधिकारियों के नंबर बंद रहते हैं। काफी देर तक बहस होती रही।