नियामताबाद। स्थानीय विकास खंड के पटनवा गांव के मनको गांव में रविवार को क्षेत्रीय किसानों की हुई बैठक में मिल्कीपुर बंदरगाह से जीवनाथपुर रेलवे स्टेशन तक प्रस्तावित रेलवे लाइन का विरोध किया गया। निर्णय लिया गया कि इसके विरोध में 27 दिसंबर को साइकिल जुलूस निकाला जाएगा।
बैठक में समाजवादी मजदूर सभा के जिलाध्यक्ष चंद्रभानु यादव ने कहा कि किसानों की सहमति के बिना उनकी जमीन बंदरगाह से जीवनाथपुर रेलवे स्टेशन को जोड़ने वाले रेलवे लाइन को बिछाने के लिए प्रशासन तैयार है। जबकि इसके लिए किसी भी किसान से न तो सहमति ली गई है न ही किसी को कोई सूचना दी गई है। कहा कि प्रशासन पूरी तरह से मनमानी करते हुए जमीन का सीमांकन कर दिया है। कहा कि किसानों की जमीन ओने पौने दाम में पहले ही औद्योगिक क्षेत्र फेज एक के लिए अधिग्रहित की जा चुकी है। ऐसी स्थिति में रेलवे लाइन बिछाने के लिए किसान जमीन देने को तैयार नहीं है। अगर प्रशासन को किसानों की जमीन चाहिए तो उनको सर्किल रेट का चार गुना मुआवजा दिया जाए। यह क्षेत्र औद्योगिक क्षेत्र है इसलिए यहां का मुआवजा वाराणसी जनपद के मुआवजे के बराबर होना चाहिए। कहा कि बंदरगाह से जीवनाथपुर रेलवे स्टेशन को जोड़ने के लिए बिछाई जाने वाली लाइन किसानों के किसी काम की नहीं है। जिला प्रशासन ने जोर जबरदस्ती किया तो क्षेत्रीय किसान भी आंदोलन करने को बाध्य होंगे। इस मौके पर विकास मिश्र, जय सिंह यादव, अभय यादव, बच्चा सोनकर, सुरेंद्र, उमा, कार्तिक, विकास भारती, राजकुमार भारती, फौजदार बिंद, सतीश, गुड्डू सोनकर रहे।