पीडीडीयू नगर। नगर में सिक्सलेन सड़क निर्माण की मांग को लेकर मामला गरमाता जा रहा है। सिक्सलेन और फोरलेन के समर्थन में दोनों पक्ष के लोगों ने छह दिन पहले नगर में जुलूस निकाला था। इस मामले में पुलिस ने जांच कर दोनों पक्ष के 16 लोगों को आरोपी बनाया है। रिपोर्ट के आधार पर एसडीएम ने नगर के 16 लोगों को नोटिस जारी किया है। नोटिस पाने वालों में सुभाष नगर वार्ड की महिला सभासद भी शामिल हैं। शांति भंग की आशंका में उन्हें नोटिस जारी कर अदालत में हाजिर होकर अपना पक्ष रखने और एक लाख रुपये का व्यक्तिगत बंधपत्र जमा कराने काे कहा है।
एसडीएम की ओर से कुंदन सिंह, सुभाषनगर वार्ड की सभासद बेचूपुर निवासी आरती देवी, पटेलनगर निवासी अजय, रविनगर निवासी सतनाम, नई बस्ती महमूदपुर के अहमद तस्लीम और आशुतोष मिश्रा सहित 16 लोगों को नोटिस जारी किया है। नोटिस में कहा गया है कि मुगलसराय में सिक्सलेन सड़क के निर्माण की मांग को लेकर सुनियोजित तरीके से धरना करने और गोपनीय तरीके से योजना बनाई जा रही है। जिसको लेकर विवाद है। मुगलसराय पुलिस की ओर से अपनी आख्या में यह सूचित किया गया है कि उपरोक्त व्यक्ति शांतिभंग कर सकते हैं। एसडीएम ने पुलिस की रिपोर्ट के आधार सभी आरोपियों को नोटिस जारी कर 7 फरवरी को उनके न्यायालय में प्रस्तुत होने का आदेश दिया है। सभी लोगों को इसके पीछे कारण बताने और एक लाख का बंधपत्र प्रस्तुत करने को कहा है। एसडीएम आलोक कुमार ने बताया कि पुलिस की रिपोर्ट के आधार पर दोनों तरफ के 16 लोगों को नोटिस जारी किया गया है। इसमें एक पक्ष के 10 और दूसरे पक्ष से 6 लोग शामिल हैं।