UP: महिला आयोग की सदस्य पर बदसलूकी का आरोप लगाया, चिकित्सकों-मरीजों ने कोतवाली में किया हंगामा
Chandauli News: जिले के केजी नंदा हॉस्पिटल के प्रबंधन के लोगों ने कोतवाली में हंगामा मचा दिया। पुलिस ने डाॅक्टर की शिकायत सुनीं। आरोप था कि राज्य महिला आयोग की सदस्य ने कर्मचारियों के साथ दुर्व्यवहार किया है।
विस्तार
Chandauli News: चंदौली कोतवाली परिसर बुधवार की रात उस समय पूरी तरह भर गया, जब के.जी. नंदा हॉस्पिटल के चिकित्सकों, प्रबंधन पक्ष और मरीजों की बड़ी संख्या वहां पहुंच गई। अस्पताल के प्रबंधक डॉ. आनंद तिवारी ने आरोप लगाया कि महिला आयोग की सदस्य ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया, जिससे आहत होकर उन्होंने कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई है।
चंदौली में केजी नंदा हॉस्पिटल के चिकित्सक डॉ.आनंद तिवारी के यहां नि:संतान दंपतियों का इलाज होता है। इधर सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद हॉस्पिटल में इलाज कराने आए लोगों की संख्या एक हजार से भी ज्यादा है। 10-15 दिनों तक लोग वेटिंग में है पर उनका नंबर नहीं आ रहा है।
ठंड में लोगों को असुविधा हो रही है। इसकी शिकायत किसी ने राज्य महिला आयोग की सदस्य सुनीता श्रीवास्तव से की थी। वे बुधवार को जिले में आई थी, जनसुनवाई के बाद वे हॉस्पिटल में गई और बताया जा रहा है कि चिकित्सक डॉ.आनंद तिवारी से उनकी बहस हो गई।
पुलिस ने की कार्रवाई
डॉ. आनंद तिवारी का आरोप है कि महिला आयोग की सदस्य अस्पताल से जुड़े एक प्रकरण को लेकर पहुंचीं थीं, जहां बातचीत के दौरान उन्होंने न केवल चिकित्सकीय गरिमा को ठेस पहुंचाई, बल्कि अपमानजनक भाषा का भी प्रयोग किया, गालियां दीं। चिकित्सकों का कहना है कि इस तरह का व्यवहार न सिर्फ डॉक्टरों के सम्मान के खिलाफ है, बल्कि स्वास्थ्य सेवाओं के माहौल को भी प्रभावित करता है।
घटना की जानकारी मिलते ही के.जी. नंदा हॉस्पिटल से जुड़े कई चिकित्सक, कर्मचारी और कुछ मरीज भी कोतवाली पहुंच गए। देखते ही देखते कोतवाली परिसर में भारी भीड़ जमा हो गई।
चिकित्सकों ने एक स्वर में आरोप लगाया कि महिला आयोग की सदस्य ने अधिकारों का दुरुपयोग करते हुए दबाव बनाने की कोशिश की। उन्होंने मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और संबंधित सदस्य के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाए। अभी कोतवाली परिसर में अधिकारियों और चिकित्सकों की बैठक चल रही है। वहीं मरीज बाहर खड़े हैं।