UP: बेकाबू एंबुलेंस ने सड़क किनारे खड़ी बाइक व राहगीरों को मारी टक्कर, कई घायल; नाराज भीड़ ने की चालक की पिटाई
चंदौली जिले में अनियंत्रित एंबुलेंस ने सड़क किनारे खड़ी बाइकों और राहगीरों को टक्कर मार दी। जिसमें कई लोग घायल हो गई। इस दौरान नाराज भीड़ ने चालक की जमकर पिटाई की।
विस्तार
चंदौली जिले के अलीनगर थाना क्षेत्र के मानस नगर गेट के समीप शनिवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। एक निजी अस्पताल की एंबुलेंस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़ी करीब छह बाइकों को टक्कर मारते हुए जीटी रोड पार कर गई। इस दौरान कई बाइक सवार और राहगीर घायल हो गए। गनीमत रही कि एंबुलेंस किसी भारी वाहन से नहीं टकराई, वरना स्थिति और गंभीर हो सकती थी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एंबुलेंस मानस नगर रेलवे कॉलोनी से होते हुए चकिया तिराहे की ओर जा रही थी। जैसे ही मानस नगर गेट के समीप पहुंची, चालक का नियंत्रण बिगड़ गया और वाहन तेज रफ्तार में बाइकों से टकराता चला गया।
ये हुए हादसे के शिकार
हादसे में सदलपुरा निवासी अभय (15), लल्ला (22), जमीला (45), वाराणसी निवासी पप्पू (30), गीता (28), नीतू (4) सहित कई लोग घायल हो गए। वहीं, सड़क किनारे झाड़ू बेच रही एक महिला भी चोटिल हो गई।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल हो गया और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जुट गए। नाराज भीड़ ने एंबुलेंस चालक को पकड़कर जमकर पिटाई कर दी। इस बीच जीटी रोड पर वाहनों का लंबा जाम लग गया। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने भीड़ को किसी तरह शांत कराया और आवागमन बहाल कराया।
इसे भी पढ़ें; UP Crime: बेटा लाकर देता था हेरोइन, मां दरवाजे के पीछे से करती थी सप्लाई; महिला गिरफ्तार, युवक भागा
सभी घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस संबंध में थानाध्यक्ष अनिल कुमार पांडेय ने बताया कि पुलिस ने राहत कार्य में तेजी दिखाई और घायलों को तत्काल अस्पताल भिजवाया। चालक के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।