चंदौली में एलकेजी की छात्रा से दरिंदगी: स्कूल के छात्र पर आरोप, पुलिस स्कूल प्रबंधक और प्रिंसिपल से कर रही पूछताछ
उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले में एलकेजी की सात वर्षीय छात्रा के साथ दरिंदगी का मामला सामने आया है। आरोप उसी स्कूल के छात्र पर लगा है। घटना बुधवार की बताई जा रही है। मामला मुगलसराय थाना क्षेत्र के एक इंटरमीडिएट कॉलेज का है।
विस्तार
चंदौली जिले के मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के एक गांव स्थित इंटरमीडिएट कॉलेज में एलकेजी में पढ़ने वाली सात वर्षीय मासूम के साथ दरिंदगी किए जाने का मामला सामने आया है। मासूम ने विद्यालय में ही पढ़ने वाले एक छात्र पर दुष्कर्म का आरोप लगाया है, हालांकि आरोपी छात्र की पहचान नहीं हो सकी है। गुरुवार को पीड़ित पक्ष से मिली तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
पीड़िता की मां ने बताया कि उसकी बेटी गांव स्थित एक विद्यालय में एलकेजी की छात्रा है। हर रोज की तरह बुधवार को भी वह पढ़ने के लिए विद्यालय गई थी। स्कूल की छुट्टी के बाद जब वह घर लौटी तो गुमसुम सी थी और तबीयत ठीक नहीं लग रही थी।
उसने बताया कि गुरुवार की सुबह जब वह सो कर उठी तो उसे चलने में काफी परेशानी हो रही थी। इस बीच पास की महिला ने मासूम को देखकर किसी अनहोनी की आशंका जाहिर की। जब मां ने बेटी से पूछताछ की तो उसने पूरे घटनाक्रम के बारे में बताया।
पीड़िता की मां ने बताया कि उसकी बेटी के अनुसार स्कूल के ही एक छात्र ने उसके साथ कक्षा में दरिंदगी की है, घटना के दौरान सभी बच्चे क्लास के बाहर खेल रहे थे। इसके बाद मां ने इसकी सूचना पुलिस को दी।
मौके पर पहुंची महिला पुलिसकर्मियों ने मासूम से पूछताछ की। मासूम के अनुसार बताए गए हुलिए के आधार पर छात्रों की पहचान कराने की कोशिश की गई, लेकिन आरोपी छात्र की पहचान नहीं हो सकी है।
सीओ सदर अनिल कुमार राय ने बताया कि पीड़िता के परिवार की ओर से मिली तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी छात्र की पहचान कर उसकी तलाश में लग गई है।