चंदौली। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनसभा के बाद रविवार को महेंद्र टेक्निकल इंटर कॉलेज के सभागार में अधिकारियों के साथ विकास कार्यों की समीक्षा बैठक की। कहा कि किसानों के धान की खरीद के दृष्टिगत क्रय केंद्रों को सक्रियता के साथ संचालित किया जाए। इससे सलूलियतपूर्वक किसानों का धान क्रय किया जा सके। उन्होंने कहा कि जनता की शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए। अधिकारीगण नियमित रूप से 10 बजे से 12 बजे तक अपने कार्यालयों में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहकर जनसुनवाई करें और तत्काल समुचित समाधान सुनिश्चित करें। कहा कि नियमित समीक्षा की जाए कि किन थानों, तहसील व विभागों से ज्यादा शिकायतें आ रही हैं। उन्होंने जनपद की सड़कों का तेजी से गड्ढा मुक्ति और मरम्मत के कार्य कराए जाने के कड़े निर्देश पीडब्ल्यूडी के अभियंता को दिया। कहा कि सीमावर्ती जनपद होने के कारण, लोगों को बेहतर सेवाएं देना, तस्करी, अवैध वस्तुओं के परिचालन पर रोक लगाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि जनपद में कृषि उत्पादन के क्षेत्र में विकास एवं उसके व्यवस्थित मार्केटिंग के लिए एफपीओ का गठन, उत्पादों के एक्सपोर्ट के साथ ही जनपद में नवाचार के कार्यक्रम भी कराये जाऐं। पर्यटन विकास के अंतर्गत राजदरी-देवदरी के सुनियोजित विकास किए जाने के लिए निर्देशित किया। उन्होंने मिशन शक्ति कार्यक्रम को प्रभावी रूप से संचालित किए जाने, अपराध को रोकने के लिए स्थलों को चिन्हित कर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने, नियमित पुलिस पेट्रोलिंग किए जाने के निर्देश दिए। समीक्षा बैठक के दौरान सांसद डॉ महेंद्र नाथ पांडेय, राज्यसभा सांसद दर्शना सिंह, राज्यमंत्री लोक निर्माण विभाग, उत्तर प्रदेश बृजेश सिंह, विधायक सैयदराजा सुशील सिंह, विधायक चकिया कैलाश खरवार, आईजी के सत्यनारायण, जिलाधिकारी ईशा दुहन, पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल, मुख्य विकास अधिकारी अजितेंद्र नारायण रहे।