ढाई लाख की पुट्टी के नीचे एक करोड़ की शराब: 'पुष्पा' बनना पड़ गया भारी, पांच तस्कर गिरफ्तार; लोकेशन का खेल
पुट्टी की बोरियों के नीचे छिपाकर ट्रक से 1.20 करोड़ रुपये की शराब बिहार ले जा रहे पांच तस्करों को पुलिस ने गिरफ्तार किया। ट्रक में शराब की 775 पेटियां मिलीं। आगे चल रही ब्रेजा कार से तस्कर पुलिस की लोकेशन साझा कर रहे थे। पूछताछ में शराब दिल्ली-चंडीगढ़ से बिहार ले जाने का खुलासा हुआ।
विस्तार
अलीनगर थाना पुलिस, स्वाट और सर्विलांस टीम ने अंतरराज्यीय शराब तस्करी के बड़े गिरोह का पर्दाफाश किया है। सिंघीताली पुल के पास वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने पुट्टी की बोरियों के नीचे छिपाकर ले जाई जा रही 775 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की। शराब की कुल मात्रा 6935 लीटर बताई गई है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1.20 करोड़ रुपये से अधिक है। पुलिस ने ट्रक और आगे चल रही ब्रेजा कार से पांच तस्करों को गिरफ्तार किया है।
सीओ अरूण सिंह ने बताया कि पुलिस टीम सिंघीताली पुल के पास एनएच-19 पर वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने ट्रक संख्या यूपी 22 एटी 0085 को रोकने का प्रयास किया। आरोप है कि चालक ने पुलिस टीम को देखकर ट्रक को रोकने के बजाय चेकिंग कर रहे पुलिसकर्मियों पर चढ़ाने का प्रयास किया। पुलिसकर्मियों ने खुद को बचाते हुए ट्रक की घेराबंदी कर उसे रोक लिया।
पुट्टी के नीचे छिपी थीं शराब की 775 पेटियां
ट्रक की तलाशी लेने पर डाले में 70 बोरी जेके सुपर पुट्टी लदी मिलीं। इन्हीं बोरियों के नीचे अलग-अलग ब्रांड की शराब की 775 पेटियां छिपाकर रखी गई थीं। बरामद शराब में इंपीरियल ब्लू, रॉयल स्टैग और मैकडॉवेल ब्रांड शामिल हैं। शराब की बोतलों पर ‘फॉर सेल इन यूटी चंडीगढ़ ओनली’ लिखा था। पुलिस के अनुसार कई बोतलों के बारकोड भी खुरचे गए थे।ट्रक से गुलाम मुस्तफा निवासी छपरा (सारण), बिहार, शेख खालिद निवासी केंद्रपाड़ा, ओडिशा और साबिर आलम निवासी गया, बिहार को गिरफ्तार किया गया।
500 मीटर आगे चल रही थी ब्रेजा
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उनके ट्रक से करीब 500 मीटर आगे एक काले रंग की ब्रेजा कार चल रही थी। कार में सवार लोग रास्ते में पुलिस की लोकेशन ट्रक सवार तस्करों को दे रहे थे। पुलिस को इसकी जानकारी मिलने के बाद टीम ने ब्रेजा कार संख्या डीएल 7 सीजेड 5159 को भी घेराबंदी कर पकड़ लिया। कार से रजाउद्दीन निवासी देवघर, झारखंड और ओम चिनमय पंडा निवासी नयागढ़, ओडिशा को गिरफ्तार किया गया। तलाशी में कार से पांच एटीएम कार्ड मिले।
दिल्ली-चंडीगढ़ से खरीदकर बिहार में बेचने की तैयारी
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वे दिल्ली और चंडीगढ़ से सस्ते दामों पर शराब खरीदकर बिहार ले जा रहे थे। बिहार में इसे अधिक कीमत पर बेचने की योजना थी। पुलिस से बचने के लिए ब्रेजा कार आगे चलती थी और उसमें सवार लोग चेकिंग और पुलिस की गतिविधियों की जानकारी पीछे चल रहे शराब लदे ट्रक को देते थे।
पुलिस का दावा है कि चेकिंग के दौरान पकड़े जाने के डर से ट्रक चालक को पुलिस टीम पर वाहन चढ़ाकर भागने का निर्देश दिया गया था। तस्करों ने बताया कि शराब की बिक्री से होने वाले मुनाफे को वे आपस में बांटते थे।
एक करोड़ से अधिक की शराब बरामद
बरामद शराब में इंपीरियल ब्लू की 750 एमएल की 98 पेटी, 375 एमएल की 95 और 180 एमएल की 44 पेटी शामिल हैं। रॉयल स्टैग की 750 एमएल की 144, 375 एमएल की 145 और 180 एमएल की 20 पेटी बरामद हुई। इसके अलावा मैकडॉवेल की 750 एमएल की 88, 175 एमएल की 95 और 180 एमएल की 46 पेटी मिली हैं। कुल 775 पेटियों में 6935 लीटर शराब बरामद हुई है।पुलिस ने शराब के साथ 70 बोरी पुट्टी, पांच एटीएम कार्ड और 2500 रुपये नकद भी बरामद किए हैं। तस्करी में इस्तेमाल ट्रक और ब्रेजा कार को मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत सीज कर दिया गया है।
इनकी हुई गिरफ्तारी
गिरफ्तार आरोपियों में गुलाम मुस्तफा (24), शेख खालिद (29), साबिर आलम (20), रजाउद्दीन (37) और ओम चिनमय पंडा (25) शामिल हैं। सभी अलग-अलग राज्यों के रहने वाले हैं। पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और शराब की सप्लाई के नेटवर्क के बारे में भी जानकारी जुटा रही है।