UP Crime: पार्टनर के घर पर जमीन कारोबारी की गोली मार कर हत्या, 'पंडित' पर शक; फोन पर हुई थी गाली-गलौज
UP Crime News: चंदाैली जिले में रिटायर्ड फाैजी जमीन का काम करता था। वह अपने पार्टनर के घर पर छोटे भाई के साथ ठहरा हुआ था। खून से लथपथ बुजुर्ग को लेकर सभी सन्न रह गए। सूचना पुलिस को देने के साथ ही उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां डाॅक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
विस्तार
Chandauli News: धानापुर थाना क्षेत्र के नेकनामपुर गांव निवासी जमीन कारोबारी ओर रिटायर्ड फौजी राजेश यादव उर्फ फौजी (59) की बिहार के रोहतास जनपद अंतर्गत चेनारी थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह गोली मार हत्या कर दी गई। गंभीर रूप से घायल अवस्था में उन्हें चंदौली जिला अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
सूचना पर बिहार पुलिस के साथ सदर कोतवाली पुलिस भी जिला अस्पताल पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई प्रारंभ कर दी है।
परिजनों के अनुसार राजेश यादव पिछले करीब तीन वर्षों से बिहार के चेनारी में जमीन का व्यवसाय कर रहे थे। वह 14 दिसंबर को अपने चचेरे भाई नारद यादव के साथ स्कॉर्पियो से बिहार गए थे और चेनारी में अपने पार्टनर नारायण यादव के घर पर ठहरे हुए थे। मंगलवार सुबह करीब आठ बजे अज्ञात बदमाशों ने उन्हें दो गोलियां मार दीं।
परिजनों में मचा कोहराम
बताया गया कि घटना के समय नारद यादव टहलने के लिए बाहर गए हुए थे। जब वह लौटे तो कमरे में खून फैला देखकर सन्न रह गए। राजेश यादव कमरे में घायल अवस्था में पड़े थे। आनन-फानन में उन्हें स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर रेफर कर दिया गया। इसके बाद उन्हें चंदौली जिला अस्पताल लाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, इस हत्याकांड में किसी करीबी व्यक्ति की भूमिका से इंकार नहीं किया जा रहा है। घटना के पीछे जमीन के लेनदेन का विवाद मुख्य कारण माना जा रहा है। परिजनों ने बताया कि राजेश यादव का मोबाइल पर अक्सर ‘पंडित’ नाम के एक व्यक्ति से जमीन के लेनदेन को लेकर विवाद होता था, जिसको लेकर कई बार फोन पर गाली-गलौज और तीखी बहस भी हो चुकी थी।
मृतक के परिवार में पत्नी चिंता देवी, तीन बेटियां और एक बेटा है। बेटियों में एक बेटी पूजा की शादी हो चुकी है, जबकि पुत्र पीयूष यादव दिल्ली में एक निजी कंपनी में कार्यरत है। पिता श्यामराज यादव सेवानिवृत्त फौजी हैं। घटना की सूचना मिलते ही पत्नी और परिजन रोते-बिलखते जिला अस्पताल और पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। सदर थानाध्यक्ष संजय सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम किया जा रहा है। बिहार पुलिस मामले की जांच कर रही है।