धानापुर। कस्बा स्थित अमर वीर इंटर कॉलेज के खेल मैदान पर अमर शहीद स्पोर्टिंग क्लब की ओर से चल रहे फुटबॉल टूर्नामेंट के तहत शुक्रवार को बिहार के छपरा और चंदौली इलेवन के बीच मैच खेला गया। कड़े संघर्ष वाले इस मैच में छपरा की टीम ने चंदौली इलेवन को 2-1 से पराजित कर जीत दर्ज की।
मैच के पहले हाफ में छपरा टीम के रंजन कुमार ने शानदार गोल कर टीम को बढ़त दिला दी। इसके बाद प्रकाश ने दूसरा गोल दागते हुए छपरा को 2-0 की मजबूत बढ़त दिला दी। दूसरे हाफ में चंदौली इलेवन की टीम ने आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया और दुर्गेश के पास पर मोनू ने गोल कर स्कोर 2-1 कर दिया। इसके बाद चंदौली इलेवन ने लगातार दबाव बनाए रखा लेकिन छपरा की मजबूत रक्षापंक्ति के आगे कोई और गोल नहीं कर सकी। इसके पूर्व मैच का शुभारंभ समाजसेवी पंकज सिंह ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर व फुटबॉल को किक मारकर किया। मैच के दौरान शाह आलम खान, उमेश, मोहसिन, होरी यादव, वैभव और परशुराम सहित खेल प्रेमी उपस्थित रहे।