चंदौली/पीडीडीयू नगर। जिले में शनिवार की शाम हुई जोरदार बारिश से रिहायशी इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई। बारिश और ओले से गर्मी से राहत मिली लेकिन शहरी इलाकों में जल भराव और कीचड़ से लोगों को दिक्कत हुई।
पं. दीनदयाल उपाध्याय नगर के विविभन्न मुहल्लों में जल भराव की स्थिति रही। यहां तक कि मुगलसराय कोतवाली परिसर में भी पानी भर गया। इससे लोगों को दिक्कत हुई। सबसे अधिक दिक्कत नगर के चतुर्भजपुर में विजय नगर, सनसिटी कॉलोनी, न्यू महाल, हनुमानपुर, शाहकुटी के साथ नगर से सटे सिद्धार्थपुरम कॉलोनी में कीचड़ की स्थिति हो गई। इसी तरह चंदौली नगर के विभिन्न वार्डों में नालियों का ओवरफ्लो कर सड़कों पर आ गया, जिससे गलियों व सड़कों पर कीचड़ फैल गया। ऐसे में रविवार की सुबह आवागमन में लोगों को भारी असुविधा हुई। सदर कचहरी के सामने सर्विस रोड पर निकासी के अभाव में बारिश का पानी सड़कों पर एकत्र हो गया। जिससे होकर बाइक, साइकिल व पैदल राहगीर आते-जाते दिखे। स्थानीय लोगों ने कहा कि तमाम विरोध-प्रदर्शन के बाद भी जिला प्रशासन तहसील व न्यायालय परिसर के बाद व्याप्त असुविधाओं को दूर करने में नाकाम रहा है, जिससे जनता को भारी दिक्कतें हो रही है। वहीं वार्ड नंबर दो, शास्त्रीनगर अंतर्गत आने वाले पत्रकार कालोनी में निकासी के अभाव में घरों का पानी जगह-जगह जमा रहा। वहीं कच्चे रास्तों पर कीचड़-फिसलन से लोगों दिक्कतें हुईं। सकलडीहा संवाददाता के अनुसार कोतवाली के नागेपुर कस्बा में सड़क के किनारे आधा दर्जन धरकार जाति के लोगों के घरों में बरसात का पानी घुस जाने से दिक्कत हो गई है। इसी तरहपीडब्ल्यूडी विभाग द्वारा नाला मरम्मत के कारण सड़क पर गंदा पानी बहने से राहगीर परेशान है। इसके बाद भी विभागीय अधिकारी मौन है। इस संबंध में पीडब्ल्यूडी के अवर अभियंता सुदामा यादव ने बताया कि नाला निर्माण कार्य शुरू है। शीध्र ही जलभरोव की समस्या से लोगों को निजात मिल जाएगा।